By Election Result : मैनपुरी में SP की डिंपल यादव ने BJP को बड़े अंतर से हराया!

689

By Election Result : मैनपुरी में SP की डिंपल यादव ने BJP को बड़े अंतर से हराया!

विधानसभा सीटों पर उपचुनाव में कांग्रेस और बीजेपी बराबरी पर!

New Delhi : 5 राज्यों की 6 विधानसभा सीटों में 2 कांग्रेस और 2 भाजपा को मिली हैं। यूपी की मैनपुरी लोकसभा सीट पर डिंपल यादव ने रिकॉर्ड तोड़ जीत दर्ज की है। उन्होंने भाजपा के रघुराज शाक्य को 2 लाख 88 हजार से ज्यादा वोटों से हराया है। सबसे ज्यादा उलटफेर आजम खान का गढ़ माने जाने वाले रामपुर में हुआ। यहां 71 साल बाद कमल खिला। भाजपा प्रत्याशी आकाश सक्सेना ने आजम के करीबी आसिम रजा को 25,703 वोटों से हरा दिया। उधर, खतौली विधानसभा सीट पर सपा-रालोद गठबंधन के मदन भैया की जीत हुई है।

बिहार की कुढ़नी विधानसभा सीट पर भी भाजपा का कब्जा रहा। यहां भाजपा के केदार गुप्ता ने जदयू के मनोज कुशवाहा को 3,632 वोटों से हराया। छत्तीसगढ़ की भानुप्रतापपुर और राजस्थान की सरदारशहर सीट पर कांग्रेस ने जीत दर्ज की।

मैनपुरी लोकसभा सीट

यूपी उपचुनाव में यह सबसे अहम सीट रही। यहां डिंपल यादव ने BJP कैंडिडेट को 2.88 लाख वोटों से हराया है। डिंपल को 6,17,625 तो भाजपा कैंडिडेट रघुराज सिंह को 3,29,489 मिले। मुलायम सिंह यादव के निधन के बाद यहां उपचुनाव हुआ था।

रामपुर विधानसभा सीट

इस सीट को आजम खान का गढ़ माना जाता है। यहां पहली बार भाजपा जीती है। भाजपा कैंडिडेट आकाश सक्सेना को 80,964 वोट मिले हैं। जबकि, सपा कैंडिडेट आसिम रजा को 47,262 वोट मिले। सपा को 33,702 वोटों से हार मिली। आसिम के हारने पर अखिलेश यादव ने इलेक्शन कमीशन को रामपुर में मतगणना का संज्ञान लेने को कहा। उन्होंने कहा कि प्रशासन रामपुर में सपा को हरवा सकता है।

खतौली विधानसभा सीट

यहां सपा-रालोद गठबंधन के मदन भैया की जीत हुई है। मदन भैया को 95,970 वोट मिले हैं, जबकि भाजपा प्रत्याशी और विक्रम सैनी की पत्नी राजकुमारी सैनी को 74,216 वोट मिले हैं। यहां मदन भैया ने 21754 वोटों के मार्जिन से जीत दर्ज की है।

सरदारशहर विधानसभा सीट 

चूरू जिले के सरदारशहर विधानसभा उपचुनाव को कांग्रेस ने बड़े अंतर से जीत लिया है। यहां से कांग्रेस कैंडिडेट अनिल शर्मा ने भाजपा उम्मीदवार अशोक कुमार पींचा को 26 हजार 696 वोटों से हराया है। वहीं, आरएलपी उम्मीदवार लालचंद मूंड तीसरे नंबर पर रहे। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और विधायक रहे भंवरलाल शर्मा के निधन के कारण यहां उपचुनाव हुए हैं।

कुढ़नी सीट BJP जीती

बिहार में भाजपा-जेडीयू गठबंधन टूटने के बाद पहली बार दोनों पार्टी के उम्मीदवार आमने-सामने थे। बिहार की कुढ़नी सीट भाजपा के कैंडिडेट केदार गुप्ता जीत गए हैं। उन्हें 76,648 वोट मिले, जबकि 73,016 वोट पाकर ​​​​​जेडीयू के मनोज कुशवाहा दूसरे नबंर पर रहे। इस सीट पर RLD विधायक अनिल कुमार सहानी को अयोग्य ठहराया गया था, जिसके बाद यह सीट खाली हो गई थी। 2020 विधानसभा चुनाव में इस सीट से पहले केदार गुप्ता की जीत की घोषणा की गई थी। बाद में राजद प्रत्याशी ने विरोध किया और रीकाउंटिंग कराई। इसमें अनिल सहनी को 712 वोटों से जीत मिली थी

भानुप्रतापपुर विधानसभा सीट 

छत्तीसगढ़ के भानुप्रतापपुर विधानसभा उपचुनाव में कांग्रेस जीती है। सावित्री मंडावी ने यहां बड़ी जीत दर्ज की है। उन्होंने बीजेपी प्रत्याशी ब्रह्मानंद नेताम को 21,171 वोटों से हराया। कांग्रेस विधायक और डिप्टी स्पीकर मनोज सिंह मंडावी के निधन से ये सीट खाली हुई थी।

पदमपुर विधानसभा सीट 

ओडिशा के बरगढ़ जिले की पदमपुर विधानसभा सीट पर नवीन पटनायक की पार्टी BJD ने जीत दर्ज की है। BJD कैंडिडेट बर्षा सिंह बरिहा को 1,09879 मिले हैं। उन्होंने भाजपा कैंडिडेट प्रदीप पुरोहित को 38 हजार से ज्यादा वोटों से हराया है। ये उपचुनाव बीजू जनता दल (BJD) के विधायक बिजय रंजन सिंह बरिहा के निधन के बाद हुआ। बर्षा सिंह बरिहा उन्हीं की बड़ी बेटी हैं।