Cause of Death Cholera : आश्रम में 5 बच्चों की मौत की वजह हैजा, प्रशासन की प्रारंभिक जांच में खुलासा!

आश्रम की व्यवस्था खराब, खाना और पानी दोनों दूषित, कलेक्टर ने कहा संस्था के सचिव पर FIR होगी!

246

Cause of Death Cholera : आश्रम में 5 बच्चों की मौत की वजह हैजा, प्रशासन की प्रारंभिक जांच में खुलासा!

Indore : अनाथ मनोरोगी बच्चों के रामचंद्र नगर स्थित युग पुरुष आश्रम में मंगलवार को 5 बच्चों की मौत के मामले में प्रशासन की प्रारंभिक जांच में मौत की वजह हैजा (कालरा) पाया गया। यह आमतौर पर दूषित भोजन व पानी से होता है। कुल 44 बच्चे चाचा नेहरू अस्पताल में इलाजरत हैं, जिनकी हालत स्थिर बताई जा रही है। आश्रम के कुछ बच्चों में एनीमिया भी पाया गया। डिहाइड्रेजन के कारण बच्चों के शरीर में क्रिएटिनिन का लेवल भी बढ़ा था। तीन दिन में पांच बच्चों की मौत के बाद मंगलवार रात 10 और बच्चे भर्ती किए गए।

युग पुरुष धाम आश्रम में 5 बच्चों की मौत के मामले में कलेक्टर द्वारा गठित जांच दल की रिपोर्ट अपर कलेक्टर गौरव बेनल ने कलेक्टर को सौप दी।

कलेक्टर आशीष सिंह ने बताया कि यह संस्था लंबे समय से काम कर रही है। ऐसी स्थिति में इतनी बड़ी घटना को छुपाना गलत है। प्रारंभिक रूप से हैजा (कालरा) से बच्चों की मौत की सच्चाई पता चली है। यदि समय पर सूचना मिल जाती, तो अन्य बच्चे परेशान न होते। अब सचिव पर एफआईआर करवाई जाएगी।

मंगलवार को जिस बच्चे का जिला अस्पताल में पीएम हुआ, वह एनीमिक था। चाचा नेहरू अस्पताल में भर्ती सभी बच्चों में हीमोग्लोबिन की जांच कराई जा रही है। बुधवार दोपहर तक 15 बच्चों की रिपोर्ट भी आ गई, इनमें से 5-6 बच्चों में एनीमिया मिला है, बाकी सभी में क्रिएटिनिन का स्तर बढ़ा हुआ था।

IMG 20240704 WA0019

शिशु रोग विशेषज्ञों के अनुसार डिहाइड्रेशन के मामलों में किडनी पर असर पड़ता है, जिससे क्रिएटिनिन बढ़ा हुआ आता है। सभी बच्चों में यह परेशानी देखने को मिली, इससे जाहिर है कि बच्चे दूषित भोजन और खराब पानी पीने के कारण ही बीमार हुए हैं। एडीएम गौरव बैनल, जेडी महिला बाल विकास डॉ संध्या व्यास, रामनिवास बुधौलिया, चाचा नेहरू अस्पताल अधीक्षक डाॅ प्रीति मालपानी व डॉ श्रीलेखा जोशी ने आश्रम में जाकर जांच की। टीम के सदस्यों के मुताबिक यहां 206 बच्चे थे। बच्चों के पानी और खाने की व्यवस्था अब बाहरी एजेंसी से करवाई गई है।

जांच रिपोर्ट में खुलासा हुआ कि दूषित पानी के कारण ही हैजा हुआ, उसी से ज्यादातर बच्चों की मौत हुई। संस्था द्वारा एक से दो मौत होने के बाद भी न तो विभाग को सूचना दी गई न प्रशासन को बताया गया। जांच टीम ने यह भी माना कि आश्रम में भारी अव्यवस्था है। अब संस्था की सचिव समेत कई लोगों पर गाज गिरने की आशंका है।