CCTV Mandatory in All Colleges : प्राइवेट कॉलेजों को भी सीसीटीवी लगाने होंगे, DAVV के संबद्ध कॉलेजों को निर्देश!

इसका मकसद कॉलेजों में असामाजिकों के आने पर रोक लगाना

361

CCTV Mandatory in All Colleges : प्राइवेट कॉलेजों को भी सीसीटीवी लगाने होंगे, DAVV के संबद्ध कॉलेजों को निर्देश!

Indore : प्राइवेट कॉलेजों को अब छात्रों की सुरक्षा के लिए भी पुख्ता प्रबंध करना होंगे। उन्हें कॉलेज परिसर में सीसीटीवी कैमरे लगाना पड़ेंगे। साथ ही सुरक्षा गार्ड भी रखना होंगे। कॉलेज में आने वालों का रिकॉर्ड रजिस्टर भी बनाया जाएगा। ये निर्देश देवी अहिल्या यूनिवर्सिटी द्वारा संबंद्ध प्राइवेट कॉलेजों के लिए जारी किए गए हैं।

इसका उद्देश्य कॉलेजों में असामाजिक तत्वों की आवाजाही पर रोक लगाना है। इनका पालन नहीं करने वाले प्राइवेट कॉलेजों की संबंद्धता निरस्त भी की जा सकती है। यूनिवर्सिटी अधिकारियों के अनुसार कॉलेजों में कई बार बाहरी असामाजिक तत्वों को देखा जाता है। इनसे छात्रों के शिक्षण कार्यों और मानसिकता पर विपरीत प्रभाव पड़ता है।
कई बार छात्र स्वयं को असुरक्षित समझते हैं। इससे उन्हें दूर रखने के लिए उक्त निर्देश जारी किए गए हैं। सिर्फ इतना ही नहीं कॉलेज में तैनात सुरक्षाकर्मियों को छात्रों का आईडेंटिटी कार्ड भी देखना होगा। निर्देशों का पालन सख्ती से करवाए जाने के लिए यूनिवर्सिटी प्रशासन इसकी मॉनिटरिंग भी करेगा।

यदि कहीं किसी कॉलेज में लगातार निर्देशों की अवहेलना पायी जाती है तो उस कॉलेज की संबंद्धता निरस्त करने की कार्रवाई की जाएगी। यूनिवर्सिटी प्रशासन की स्पष्ट मंशा है कि कॉलेजों में स्टूडेंट्स को पढ़ाई के लिए स्वच्छ माहौल प्रदान किया जाए।

छात्र बने आत्मविश्वासी
यूनिवर्सिटी अधिकारियों के अनुसार कॉलेजों में पढ़ने वाले छात्रों में पूर्ण आत्मविश्वास होना चाहिए। इसके लिए उक्त नई व्यवस्था लागू की जा रही है। कॉलेजों परिसरों में सीसीटीवी कैमरे लगने से न केवल असामाजिक तत्वों पर नजर रखी जा सकेगी, बल्कि ऐसे तत्व स्वयं भी कैमरों के डर से परिसर में आने से भयाक्रांत रहेंगे। इससे कॉलेजों की छवि भी निखरेगी। कॉलेजों में छात्रों की संख्या के अनुसार सुरक्षा गार्ड भी रखना होंगे।

जिन कॉलेजों में स्टूडेंट्स की संख्या 500 है वहां तीन से चार सुरक्षाकर्मी रखे जा सकेंगे। वहीं करीब एक हजार छात्रों वाले कॉलेजों में पांच से छह सुरक्षाकर्मी रखे जाने होंगे। सुरक्षा एजेंसियों के लिए भी गाइड लाइन जारी की गई है, जिसका उन्हें भी कड़ाई से पालन करना होगा। उनकी भी किसी प्रकार की शिकायत प्राप्त होने पर उन्हें भी बदलने के लिए कॉलेजों को निर्देश दिए जा सकते हैं। अधिकारियों के अनुसार क़कुलसचिपव ने सभी कॉलेजों को इन निर्देशों का पालन करने के निर्देश जारी कर दिए हैं।