WhatsApp Image 2025 08 07 At 9.31.47 PM
Home खबरों की खबर

Chandigarh Mayor Election Rigging : चंडीगढ़ मेयर चुनाव के चुनाव अधिकारी पर मुक़दमे के आदेश!

सुप्रीम कोर्ट में CJI ने चंडीगढ़ के चुनाव अधिकारी से चार सवाल पूछने के बाद यह आदेश दिया!

905

Chandigarh Mayor Election Rigging : चंडीगढ़ मेयर चुनाव के चुनाव अधिकारी पर मुक़दमे के आदेश!

New Delhi : भाजपा को चंडीगढ़ के मेयर के चुनाव में जिताने के लिए जो धांधली हुई उसे लेकर देशभर में बवाल मच गया। इस धांधली को लेकर सुप्रीम कोर्ट ने भी सख्‍त रवैया अपनाया है। चुनाव के दौरान मतपत्रों को कथित तौर पर विरुपित करने के मामले में कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए सुप्रीम कोर्ट के चीफ जस्टिस डीवाय चंद्रचूड़ ने रिटर्निंग ऑफिसर अनिल मसीह के खिलाफ मुकदमा चलाने का निर्देश दिया।

चुनाव में कथित अनियमितताओं को उजागर करने वाली एक याचिका पर शीर्ष अदालत ने सोमवार को सुनवाई की। 30 जनवरी को हुए चुनाव में भाजपा के मनोज सोनकर ने ‘आप’ के कुलदीप कुमार के खिलाफ जीत दर्ज की थी। इस चुनाव में विवाद तब पैदा हुआ जब 8 वोट अवैध घोषित कर दिए गए। इसके बाद विपक्ष ने धांधली का आरोप लगाया। इसी दौरान एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आया, जिसमें पीठासीन अधिकारी को ‘आप’ के पार्षदों के मतपत्रों पर निशान लगाते हुए दिखाया गया।

‘आम आदमी पार्टी’ और उसके सहयोगियों ने आरोप लगाया कि चुनाव अधिकारी अनिल मसीह ने जानबूझकर उनके वोटों को अमान्य किया, जिससे संभावित रूप से चुनाव परिणाम भाजपा के पक्ष में प्रभावित हुए। सुप्रीम कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश (CJI) ने आज चुनाव अधिकारी अनिल मसीह से खुद चार सवाल पूछकर मामले का खुलासा किया।

सीजेआई ने जो 4 सवाल पूछे
एक टीवी चैनल के मुताबिक, सीजेआई ने चुनाव अधिकारी से कोर्ट रूम में जिरह के दौरान अनिल मसीह से चार कड़े सवाल पूछे।
● सीजेआई का पहला सवाल : मसीह जी, मैं आपसे सवाल पूछ रहा हूं। यदि आप सच्चा उत्तर नहीं दे रहे हैं, तो आप पर मुकदमा चलाया जाएगा। यह एक गंभीर मामला है। हमने वीडियो देखा है। आप मतपत्रों पर क्रॉस लगाते हुए कैमरे की ओर देखकर क्या कर रहे थे? आप मार्क्स क्यों लगा रहे थे?

◆ मसीह का जवाब : मतदान के बाद मुझे मतपत्रों पर चिन्ह लगाना था। विरूपित किए गए मतपत्रों को अलग करना था।
● सीजेआई का दूसरा सवाल : वीडियो से यह बिल्कुल स्पष्ट है कि आप कुछ मतपत्रों पर एक्स का निशान लगा रहे थे। क्या आपने कुछ मतपत्रों पर X चिह्न लगाए हैं?
◆ मसीह का जवाब : हाँ।
● सीजेआई का तीसरा सवाल : कितने मतपत्रों पर निशान लगाए गए?
◆ मसीह का जवाब : 8
● सीजेआई का चौथा सवाल : आपने मतपत्रों को विरूपित क्यों किया? आपको सिर्फ कागजों पर हस्ताक्षर करने थे। नियमों में यह कहां प्रावधान है कि आप मतपत्रों में अन्य चिह्न लगा सकते हैं?
◆ मसीह का जवाब : मतपत्रों को उम्मीदवारों ने विरुपित कर दिया. उन्‍होंने इन्‍हें छीन लिया और नष्ट कर दिया।

इन सवालों के जवाब मिलने के बाद सीजेआई ने कहा कि मिस्टर सॉलिसिटर, इनपर मुकदमा चलाना होगा। ये चुनाव प्रक्रिया में हस्तक्षेप कर रहे हैं। सुप्रीम कोर्ट ने मंगलवार को मतपत्रों को जांच के लिए अपने पास लाने को कहा है। बेंच ने शुरुआत में यह कहा था कि नए सिरे से चुनाव कराने के बजाए वोटों की गिनती नए रिटर्निंग अधिकारी द्वारा की जानी चाहिए। हालांकि बाद में कहा गया कि अदालत मतपत्रों की जांच के बाद इस मुद्दे पर फैसला करेगी।