मंडलेश्वर उप जेल में बवाल, 2 गुट भिड़े; 9 बंदियों पर केस दर्ज

119

मंडलेश्वर उप जेल में बवाल, 2 गुट भिड़े; 9 बंदियों पर केस दर्ज

खरगोन : मध्यप्रदेश के खरगोन जिले के मंडलेश्वर स्थित उप जेल में खिचड़ी प्रसाद को लेकर बंदियों के दो गुटों के बीच विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। घटना में एक बंदी घायल हो गया, जबकि पुलिस ने नौ बंदियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज किया है।

सेंट्रल जेल बडवानी की सुपरिंटेंडेंट शेफाली तिवारी घटना को लेकर मंडलेश्वर पहुंची थी। उन्होंने बताया कि घटना की शुरुआत के दौरान मंडलेश्वर उप जेल की सुपरिंटेंडेंट श्वेता मीना अवकाश पर थी।

उन्होंने बताया कि 15 फरवरी को महाशिवरात्रि के अवसर पर कुछ बंदियों ने उपवास के दौरान खिचड़ी सेवन करने की इच्छा जताई थी। नियमानुसार उपवास कर रहे बंदियों के लिए खिचड़ी तैयार कराई गई। बाद में अन्य बंदियों की मांग पर उन्हें भी खिचड़ी बनवा कर परोसी गई। इसी दौरान खिचड़ी वितरण को लेकर दो गुटों में कहासुनी हो गई थी, जिसे तत्काल शांत करा दिया गया था।

IMG 20260218 WA0001

अगले दिन सोमवार को रात के उसी विवाद को लेकर कुछ बंदियों ने जेल प्रहरियों के साथ दुर्व्यवहार किया और भोजन करने से इनकार कर दिया। जेल प्रशासन द्वारा समझाइश देने के बावजूद वे नहीं माने। आरोप है कि बंदियों ने थालियां फेंकना शुरू कर दिया और जेल परिसर में चल रहे निर्माण कार्य की ईंटों से एक-दूसरे पर पथराव कर दिया। इस दौरान एक बंदी घायल हो गया।

हंगामे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करते हुए सभी बंदियों को बैरकों में बंद कर दिया। बाद में ताजा भोजन तैयार कर उन्हें खिलाया गया। अधिकारियों के अनुसार पूरे घटनाक्रम में कुछ बंदियों द्वारा उकसावे की बात भी सामने आई है।

मंडलेश्वर पुलिस ने जेल प्रहरी की शिकायत पर आजीवन कारावास की सजा काट रहे आजम, दिलीप, अखिलेश सहित कुल नौ बंदियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।