Charles Sobhraj Released : नेपाल की जेल से चार्ल्स शोभराज रिहा, फ्रांस भेजने की कोशिश!

17 साल की सजा काटकर अच्छे बर्ताव और बढ़ती उम्र के कारण जल्दी छोड़ा गया!

303

Charles Sobhraj Released : नेपाल की जेल से चार्ल्स शोभराज रिहा, फ्रांस भेजने की कोशिश!

Kathmandu : नेपाल के सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद शुक्रवार को फ्रेंच सीरियल किलर चार्ल्स शोभराज को रिहा कर दिया गया। वह साल 2003 से दो अमेरिकी पर्यटकों की हत्या के आरोप में नेपाल की जेल में बंद था। नेपाल की सुप्रीम कोर्ट ने आदेश दिया है कि जेल से रिहा किए जाने के 15 दिनों के भीतर उसे डिपोर्ट कर दिया जाए। चार्ल्स शोभराज को उसकी बढ़ती उम्र के आधार पर रिहा किया गया है।

न्यूज एजेंसी ANI से बातचीत में चार्ल्स शोभराज की पत्नी निहिता बिश्वास ने कहा कि हम सुरक्षा कारणों से चार्ल्स शोभराज को फ्रांस (France) में उनके परिवार के पास भेजने की कोशिश कर रहे हैं। हार्ट सर्जरी के बाद उन्हें कुछ समस्याएं हैं। हो सकता है उन्हें दूसरी सर्जरी की जरूरत पड़े। उनके लिए सेहत और परिवार भी प्राथमिकताओं में हैं।

नेपाल सेंट्रल जेल के जेलर ईश्वरी प्रसाद पांडे के मुताबिक, चार्ल्स ने उनसे कहा है कि वह जेल के बाहर मौजूद मीडिया से बात नहीं करना चाहता। आपको बता दें कि चार्ल्स शोभराज के ऊपर दुनिया के कई देशों में केस दर्ज हैं। नेपाल में उसकी सजा अगले साल सितंबर में खत्म होनी थी। चार्ल्स शोभराज भारत की जेल में भी लंबा समय काट चुका है।

नेपाली सुप्रीम कोर्ट का कहना है कि चार्ल्स शोभराज की उम्र 78 साल है। वह 2003 से नेपाल की जेल में बंद था। सुप्रीम कोर्ट ने अपना फैसला सुनाते समय कहा कि प्रिजन मैनेजमेंट रेगुलेशन 65 साल से अधिक उम्र के कैदियों को उनके अच्छे बरताव पर 75 फीसदी तक सजा अवधि में छूट की बात कहता है। चार्ल्स शोभराज के वकील भी उसकी रिहाई के लिए लंबे समय से नेपाली कोर्ट से डिमांड कर रहे थे।