
छतरपुर में आसमान से बरसी आग: सीजन का सबसे गर्म दिन, पारा 47 डिग्री के पार..
छतरपुर। जिले में गर्मी ने लोगों का जीना मुहाल कर दिया है। आसमान से मानो आग बरस रही हो। हालात ऐसे हैं कि न दिन में लोगों को राहत मिल रही है और न ही रातें सुकून से कट रही हैं। ऊपर से अघोषित बिजली कटौती ने लोगों की मुश्किलें और बढ़ा दी हैं। गर्म हवाओं और उमस भरी रातों के कारण लोग चौबीस घंटे गर्मी से परेशान हैं।
सोमवार इस सीजन का अब तक का सबसे गर्म दिन दर्ज किया गया। शहर का अधिकतम तापमान 47 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया, जबकि न्यूनतम तापमान भी 28 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। दिन के साथ अब रातें भी तपने लगी हैं, जिससे घरों के अंदर भी गर्मी से राहत नहीं मिल रही है। दोपहर के समय सड़कों पर सन्नाटा नजर आया और लोग जरूरी काम होने पर ही घरों से बाहर निकले।

खजुराहो स्थित मौसम विभाग में पदस्थ आरएस परिहार ने बताया कि इससे पहले मई 2018 में तापमान 49 डिग्री के करीब पहुंचा था। करीब 8 साल बाद मई महीने में तापमान फिर 47 डिग्री तक पहुंचा है। उन्होंने बताया कि इस समय 10 से 12 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से गर्म हवाएं चल रही हैं, जिससे लू का असर और ज्यादा महसूस हो रहा है।

मौसम विभाग के अनुसार अगले तीन दिनों तक जिले में हीट वेव का असर बना रहेगा। हालांकि इस दौरान मौसम में बदलाव के भी संकेत हैं। तेज आंधी के साथ हल्की बूंदाबांदी होने की संभावना जताई गई है, जिससे तापमान में कुछ गिरावट आ सकती है और लोगों को गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है।

विशेषज्ञों ने लोगों को दोपहर के समय धूप और लू से बचने की सलाह दी है। पर्याप्त मात्रा में पानी पीने, हल्के कपड़े पहनने और बहुत जरूरी होने पर ही घर से बाहर निकलने की अपील की गई है। वहीं संभावित आंधी और बारिश को देखते हुए किसानों और आम लोगों को सतर्क रहने के लिए भी कहा गया है।





