खेलो इंडिया यूथ गेम्स-2022 के लिये कार्यकारी समिति के अध्यक्ष मुख्य सचिव होंगे

347
MPGood News For State Employees News:

खेलो इंडिया यूथ गेम्स-2022 के लिये कार्यकारी समिति के अध्यक्ष मुख्य सचिव होंगे

भोपाल
प्रदेश में अगले वर्ष 31 जनवरी से मध्यप्रदेश के 8 शहरों में खेलो की विभिन्न विधाओं के रोमांचक मुकाबले देखने को मिलेंगे। 5 वेंं खेलो इंडिया यूथ गेम्स 2022 में बेहतर खेल अधो-संरचना और अंतर्राष्ट्रीय स्तर की सुविधाएं देने की तैयारी में राज्य सरकार जुटी है। इसको लेकर आयोजन और कार्यकारी समिति का गठन भी कर दिया गया है। अगर मुख्य सचिव इकबाल सिंह बैंस को एक्सटेंशन नहीं मिला तो इस पूरे आयोजन की कार्यकारी समिति की जिम्मेदारी नए मुख्य सचिव संभालेंगे। नए मुख्य सचिव को लेकर अगले 15 दिनों में स्थिति साफ होने वाली है।
राज्य शासन द्वारा जो व्यवस्था तय की गई है, उसके मुताबिक खेलो इंडिया यूथ गेम्स-2022 के लिये कार्यकारी समिति के अध्यक्ष मुख्य सचिव होंगे। समिति के सह-अध्यक्ष सचिव केन्द्रीय युवा कार्यक्रम और खेल मंत्रालय होंगे। अपर मुख्य सचिव उच्च शिक्षा, लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, सामान्य प्रशासन, गृह, वित्त विभाग समिति के सदस्य मनोनीत किए गए हैं। प्रमुख सचिव ऊर्जा, लोक निर्माण, खेल और युवा कल्याण, औद्योगिक नीति एवं निवेश प्रोत्साहन, स्कूल शिक्षा, पर्यटन, संस्कृति, नगरीय विकास एवं आवास, परिवहन और जनसम्पर्क विभाग को सदस्य के रूप में शामिल किया गया है। समिति में पुलिस महानिदेशक मध्यप्रदेश, महानिदेशक भारतीय खेल प्राधिकरण नई दिल्ली, संचालक खेल और युवा कल्याण मध्यप्रदेश, संचालक खेलो इंडिया नई दिल्ली, अपर पुलिस महानिदेशक अग्नि शमन म.प्र., वरिष्ठ निदेशक भारतीय खेल प्राधिकरण, खेलो इंडिया, नई दिल्ली, अध्यक्ष-महासचिव स्कूल गेम्स फेडरेशन आॅफ इंडिया, भारतीय ओलंपिक संघ, मध्यप्रदेश ओलंपिक संघ के प्रतिनिधि, मंडल रेल प्रबंधक, भोपाल मंडल, भारतीय रेलवे म.प्र., संचालक दूरदर्शन भोपाल और राज्य के दो प्रमुख खिलाड़ी खेलो इंडिया यूथ गेम्स-2022 की कार्यकारी समिति के सदस्य होंगे।

इन्हें भी जिम्मेदारी
आयोजन-सह-समन्वय समिति खेल और युवा कल्याण विभाग और कार्यकारी समिति के माध्यम से खेलो इंडिया यूथ गेम्स-2022 को नियंत्रण, प्रबंधित, व्यवस्थित और प्रशासित करेगी। कार्यकारी समिति खेलो इंडिया यूथ गेम्स के सुचारू संचालन, पर्यवेक्षण, निगरानी के साथ आयोजन-सह-समन्वय समिति के समग्र मार्गदर्शन में विभिन्न एजेन्सियों के बीच समन्वय का कार्य करेगी। कार्यकारी समिति खेलो इंडिया यूथ गेम्स के स्थानों के अधोसंरचना विकास की निगरानी और क्रियान्वयन एजेंसियों के कार्यों की समीक्षा भी करेगी।
मंत्री यशोधरा ने तैयारियों पर दिया जोर
इधर यूथ गेम्स को सफल बनाने के लिए खेल मंत्री यशोधरा राजे सिंधिया ने ग्वालियर (कम्पू) खेल परिसर में खेलो इंडिया यूथ गेम्स के लिए चुने गए गेम वेन्यू, हॉकी ग्राउंड, बॉक्सिंग एरिना और बेडमिंटन हॉल का भ्रमण कर तैयारियों का जायजा बीते दिनों लिया। उन्होंने अधिकारियों के साथ ग्वालियर में बनने वाले आईआईआईटीएम के समीप बनने वाले स्पोर्ट्स सिटी के लेआउट प्लान और भोपाल के नाथू बरखेड़ा में स्वीकृत अंतराष्ट्रीय स्तर के स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के पहले और दूसरे चरण के प्लान पर विस्तृत चर्चा की। साथ ही खेल मध्यप्रदेश राज्य महिला हॉकी अकादमी और बेडमिंटन के प्रशिक्षकों के साथ 36वें राष्ट्रीय खेलो के परफॉर्मेंस और खेलो इंडिया यूथ गेम्स की तैयारियों की भी समीक्षा की।