
CM डॉ यादव ने IPS Service Meet का शुभारंभ किया, मध्य प्रदेश की धरती से नक्सलवाद का पूरी तरह सफाया करने के लिए पुलिस अधिकारियों को दी बधाई
भोपाल: CM डॉ मोहन यादव ने आज भोपाल में IPS Service Meet का शुभारंभ किया। इस मौके पर उन्होंने मध्य प्रदेश की धरती से नक्सलवाद का पूरी तरह सफाया करने के लिए पुलिस अधिकारियों को बधाई दी।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव के कार्यक्रम स्थल पहुंचने पर पुलिस महानिदेशक श्री कैलाश मकवाना तथा अध्यक्ष भारतीय पुलिस सेवा संघ श्री चंचल शेखर ने पुष्प गुच्छ और पौधा भेंट कर स्वागत किया।
इस अवसर पर अपने संबोधन में मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि देशभक्ति और जन सेवा की भावना को और मजबूत करते हुए मध्य प्रदेश को आंतरिक सुरक्षा का आदर्श प्रदेश बनाए रखना हम सब का लक्ष्य हो।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि पुलिस की ड्यूटी में कई तरह की चुनौतियां होती हैं, लेकिन इसके बावजूद वे हर संभव अपनी ड्यूटी में लगे रहते हैं। सभी पुलिसकर्मी अभिनंदन के पात्र हैं।

मध्यप्रदेश सरकार के लिए वर्ष 2025 उपलब्धियों से भरा रहा है।
प्रदेश सरकार और पुलिस नए अनुभवों के साथ आगे बढ़ रही है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि राष्ट्रविरोधी ताकतों को मध्यप्रदेश पुलिस जड़ से खत्म कर रही है। राज्य में संगठित अपराध के लिए कोई स्थान नहीं है। नशा विरोधी अभियान में प्रदेश पुलिस निरंतर सराहनीय उपलब्धियां हासिल कर रही है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश पुलिस लोकतंत्र और कानून व्यवस्था की मजबूती के लिए हर कदम पर सरकार के साथ खड़ी दिखाई देती है। जल्द ही प्रदेश पुलिस को प्रमोशन की स्वीकृति का समाचार मिलेगा। इसके साथ ही पुलिस विभाग में पर्याप्त भर्तियां भी होंगी। नए कानून लागू करने में प्रदेश पुलिस देश के लिए आदर्श उदाहरण है। मध्य प्रदेश में साइबर अपराधों सहित सभी तरह के संगठित गिरोह और अपराधियों पर अंकुश लगाया जा रहा है।
प्रारंभ में प्रदेश के पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाणा ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया और स्वागत उद्बोधन दिया।





