College Principal Suspended: शासन ने कॉलेज के प्राचार्य को किया सस्पेंड

994
Nurse Suspend

College Principal Suspended: शासन ने कॉलेज के प्राचार्य को किया सस्पेंड

 

भोपाल: राज्य शासन ने शासकीय स्वशासी होम्योपैथी कॉलेज भोपाल के प्राचार्य डॉ एस के मिश्रा को निलंबित कर दिया है। उनके स्थान पर कॉलेज के वरिष्ठ प्राध्यापक डॉ पीएन पाल चौधरी को फिलहाल प्रधानाचार्य का चालू प्रभार दिया गया है। वैसे भी डॉक्टर मिश्रा लंबे समय से कोर्ट के स्टे आर्डर के तहत प्रिंसिपल बने हुए थे।

डॉ मिश्रा पर कई अनियमितताओं और लापरवाही के आरोप हैं। प्राप्त जानकारी के अनुसार आयुष संचालनालय में दवाओं की खरीद फरोख्त, छात्र प्रवेश और पी जी आरक्षण रोस्टर में गड़बड़ी और घोटाले को लेकर मिश्रा का नाम चर्चा में आया है। इसी के साथ उन पर यह भी आरोप है कि उन्होंने समयमान वेतनमान का निर्धारण अपनी मनमर्जी के मुताबिक किया। इसके अलावा पीजी आरक्षण रोस्टर में भी छेड़खानी करने का आरोप है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार शासकीय आयुर्वेदिक कॉलेज उज्जैन में एनाटॉमी विषय की 1 सीट थी। डॉक्टर मिश्रा और रोस्टर समिति के सदस्य डॉ अरविंद पटेल ने इसे 2 सीटें कर दी। बताया गया है कि इसी गड़बड़ी के चलते ही डॉक्टर मिश्रा को निलंबित किया गया है। इसी के साथ उज्जैन आयुर्वेदिक कॉलेज के प्राचार्य डॉ जेपी चौरसिया को कारण बताओ नोटिस दिया गया है। इसी के साथ एसोसिएट प्रोफेसर डॉ अरविंद पटेल की सेवाएं शासकीय आयुर्वैदिक कॉलेज बुरहानपुर को वापस लौटा दी गई है।