Congress Lok Sabha Candidate : कांग्रेस के 6 लोकसभा उम्मीदवारों के नाम लगभग तय, धार से सुरेंद्रसिंह बघेल का नाम!

मध्यप्रदेश की 29 में से 26 सीटों पर नामों के पैनल तैयार, इंदौर और भोपाल पर विचार नहीं!

1372

Congress Lok Sabha Candidate : कांग्रेस के 6 लोकसभा उम्मीदवारों के नाम लगभग तय, धार से सुरेंद्रसिंह बघेल का नाम!

Bhopal : प्रदेश में लोकसभा की 29 सीटों पर कांग्रेस ने मंथन शुरू कर दिया। प्रदेश की 6 सीटों पर एक नाम लगभग तय कर दिए गए। क्योंकि, यहां एक-एक नाम ही सामने आया। इनमें धार लोकसभा सीट से कुक्षी के विधायक सुरेंद्रसिंह बघेल (हनी) का नाम है। 4 सीटों पर 3-3 नाम हैं। प्रदेश की 14 लोकसभा सीटों पर 2-2 नाम हैं। ग्वालियर-चंबल की 2 सीटों पर 5-5 दावेदारों के नाम सामने आए हैं। प्रदेश कांग्रेस की तरफ से तैयार इस पैनल को केंद्रीय चुनाव समिति को भेजा जाएगा उसके बाद उम्मीदवारों के नामों को फाइनल किया जाएगा। कांग्रेस खजुराहो सीट समाजवादी पार्टी से समझौते के तहत छोड़ सकती है। भोपाल, इंदौर और सतना सीटों पर अभी विचार नहीं किया गया। कांग्रेस की कोशिश है कि 10 मार्च से पहले कुछ उम्मीदवारों के नाम घोषित कर दिए जाए।

IMG 20240221 WA0057

लोकसभा चुनाव के उम्मीदवार फाइनल करने के लिए दिल्ली में कांग्रेस की स्क्रीनिंग कमेटी की बैठक हो चुकी है। कमेटी की अध्यक्ष रजनी पाटिल ने मध्यप्रदेश प्रभारी जितेंद्र सिंह, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी और विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार के साथ सभी 29 सीटों पर संभावित उम्मीदवारों के नाम पर विचार किया।

जिन सीटों के लिए सिंगल नाम फाइनल होंगे। उनके नाम केंद्रीय चुनाव समिति को भेज दिए जाएंगे। इसके बाद कमेटी फिर बैठक कर कुछ उम्मीदवारों के नाम फाइनल करेगी।

29 में से 13 सीट ऐसी हैं, जहां पैनल में 14 विधायक और एक महापौर का नाम है। मंदसौर सीट से विपिन जैन (विधायक, मंदसौर) का नाम पैनल में है। मुरैना से 5 नाम में जौरा विधायक पंकज उपाध्याय व पूर्व नेता प्रतिपक्ष डॉ गोविंद सिंह का नाम है।

ग्वालियर सीट से साहब सिंह गुर्जर (विधायक), शहडोल से विधायक पुष्पराजगढ़ फुंदे लाल मार्को, मंडला सीट से बिछिया विधायक नारायण पट्‌टा, बालाघाट सीट से विधायक अनुभा मुंजारे, उज्जैन से तराना विधायक महेश परमार, विदिशा सीट से सिलवानी विधायक देवेंद्र पटेल और खंडवा सीट से भीकनगांव विधायक झूमा सोलंकी का नाम सामने आया है। जबकि धार सीट से कुक्षी विधायक सुरेंद्र सिंह बघेल का नाम है। रीवा सीट से महापौर अजय मिश्रा बाबा का सिंगल नाम आया है।

राजगढ़ से प्रियव्रत सिंह और गुना से वीरेंद्र रघुवंशी को मौका मिल सकता है। राजगढ़ से पूर्व मंत्री प्रियव्रत सिंह को लोकसभा चुनाव में उतार सकती है। जिला पंचायत अध्यक्ष चंदरसिंह सोंधिया की दावेदारी भी मजबूत है। गुना-शिवपुरी से दो नाम हैं। पूर्व विधायक वीरेंद्र सिंह रघुवंशी व यादवेंद्र सिंह में से किसी एक पर सहमति बन सकती है। रघुवंशी को टिकट मिलने की संभावना ज्यादा है। क्योंकि, वे विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा छोड़कर कांग्रेस में आए थे।