Corona’s Dangerous Speed : 1.80 लाख नए मामले, ओमिक्रॉन मरीज भी 4000 के पार हुए

443
Omicron Variant

New Delhi : एक हफ्ते के दौरान देश में कोरोना संक्रमण की रफ्तार बेकाबू हो गई। सोमवार को जारी आंकड़ों के मुताबिक बीते 24 घंटे में कोरोना के 1 लाख 79 हजार 723 नए मामले सामने आए। इस दौरान 146 लोगों की मौत भी हुई। 46,569 लोग स्वस्थ हुए। चिंता की बात यह कि सक्रिय मामलों की संख्या में बेतहाशा बढ़ोतरी हो रही है। देश में फिलहाल 7 लाख से ज्यादा (7,23,619) कोरोना मरीज हैं।
अब तक कुल संक्रमितों की संख्या 3,57,07,727 हो गई। साथ में वैक्सीनेशन का आंकड़ा भी 151 करोड़ को पार कर गया। ओमिक्रोन Omicron मरीजों की संख्या भी 4,033 सामने आ गई। देश में ओमिक्रोन के मामलों की कुल संख्या बढ़कर 4,033 हो गई है। 1216 नए मामलों के साथ महाराष्ट्र पहले स्थान पर है। 529 मरीज के साथ राजस्थान दूसरे स्थान पर है। ओमिक्रोन के 4,033 मरीजों में से 1,552 मरीज डिस्चार्ज हो गए।

एहतियाती वैक्सीन लगना शुरू
कोरोना के नए वेरिएंट ओमिक्रॉन के बढ़ते खतरे और पांच राज्यों में चुनावों की घोषणा के बाद देश में आज से एहतियाती खुराक (Precautionary Dose) लगना शुरू हो गई। वैक्सीन की यह तीसरी खुराक ‘बूस्टर डोज’ के रूप में दी जा रही है। प्रधानमंत्री ने पिछले महीने 25 दिसंबर को एहतियाती खुराक की घोषणा की थी। यह तीसरी खुराक फिलहाल हेल्थ वर्कर्स और फ्रंटलाइन वर्कर्स के साथ गंभीर बीमारियों से ग्रसित वरिष्ठ नागरिकों को दी जा रही है।

स्वास्थ्य मंत्री 5 राज्यों से बात करेंगे
संक्रमण की रफ्तार को देखते हुए केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया आज 5 राज्यों एवं एक केंद्र शासित प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्रियों के साथ संवाद करेंगे। आधिकारिक सूत्रों ने यह जानकारी दी। जानकारी के मुताबिक मांडविया राजस्थान, मध्य प्रदेश, गोवा, गुजरात और महाराष्ट्र एवं केंद्रशासित प्रदेश दादर एवं नागर हवेली एवं दमन और दीव के स्वास्थ्य मंत्रियों से बात करेंगे।