Death of 5 Orphan Children : अनाथ आश्रम के बीमार बच्चों की संख्या 22 हुई, 5 की मौत, कलेक्टर ने ठहाके लगाने वाले SDM को हटाया!

कलेक्टर ने मामले की जांच के आदेश दिए, अपर कलेक्टर बैनल को जांच सौंपी!

953

Death of 5 Orphan Children : अनाथ आश्रम के बीमार बच्चों की संख्या 22 हुई, 5 की मौत, कलेक्टर ने ठहाके लगाने वाले SDM को हटाया!

 

Indore : मानसिक रूप से कमजोर बच्चों के अनाथ आश्रम में 22 बच्चों की तबीयत बिगड़ने से 5 बच्चों की मौत हो गई। मामले में जांच के लिए घटनास्थल पर पहुंचे मल्हारगंज एसडीएम ओमनारायण बड़कुल को कलेक्टर ने हटाने के निर्देश दिए। एसडीएम मौके पर आश्रम संचालिका अनीता शर्मा के साथ ठहाके लगाते हुए नजर आए, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद कलेक्टर आशीष सिंह तत्काल एक्शन में आए और उन्हें हटाया।

बताया गया कि जांच में बच्चों के खून में इंफेक्शन मिला। ये सभी बच्चे मल्हारगंज स्थित श्री युगपुरुष धाम में रह रहे थे। इन्हें अलग-अलग जिलों से लाकर आश्रम को सौंपा गया था। मंगलवार सुबह बीमार बच्चों को एमवाय अस्पताल से चाचा नेहरु अस्पताल भेजा गया।

मल्हारगंज पुलिस के मुताबिक 12 साल के करण की सोमवार को तबीयत बिगड़ी और मौत हो गई। मंगलवार सुबह 7 साल के आकाश ने दम तोड़ दिया। पुलिस मामले की जांच में लगी है। आश्रम की ओर से बाल कल्याण समिति के अध्यक्ष को पत्र लिखकर मामले की जानकारी दी गई है। इसमें भी खून में इंफेक्शन होने की बात लिखी है।

कलेक्टर आश्रम पहुंचे और स्थिति देखी

पंचकुइयां स्थित युगपुरूष धाम बौद्धिक विकास केन्द्र में हुई घटना की जानकारी मिलते ही कलेक्टर आशीष सिंह ने संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ युगपुरूष धाम और चाचा नेहरू बाल चिकित्सालय पहुंचे। यहां उन्होंने बीमार बच्चों के स्वास्थ्य की जानकारी ली। उन्होंने अस्पताल में भर्ती बीमार बच्चों के बेहतर से बेहतर इलाज के निर्देश दिए। कलेक्टर दोपहर के बाद पुन: युगपुरूष धाम पहुंचे। यहां उन्होंने विस्तार से निरीक्षण किया और घटना के संबंध में वस्तु स्थिति तथा अन्य जानकारियां प्राप्त की।

IMG 20240702 WA0107

कलेक्टर आशीष सिंह आज घटना की जानकारी मिलते ही स्वयं तो घटना स्थल पहुंचे ही, बाद में तुरंत अपर कलेक्टर राजेन्द्र रघुवंशी के नेतृत्व में फूड सेफ्टी, स्वास्थ्य, महिला एवं बाल विकास तथा पुलिस विभाग के अधिकारियों का दल भी प्रारंभिक जाँच के लिए युगपुरूष धाम भेजा। दल ने निरीक्षण कर वस्तु स्थिति देखी। दल ने खाद्य सामग्री के सेम्पल भी जाँच के लिए जब्त किए है। कलेक्टर ने ‍चिकित्सकों को निर्देशित किया है कि बीमार बच्चों का बेहतर से बेहतर इलाज सुनिश्चित करें। कलेक्टर ने बताया है कि युगपुरूष धाम के कुल 20 बच्चों को चाचा नेहरू बाल चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है।

जांच के लिए उच्च स्तरीय समिति गठित

कलेक्टर आशीष सिंह ने निर्देश दिए है कि बच्चों के बीमार पड़ने की घटना की विस्तृत एवं गहनता के साथ जाँच की जाए। उन्होंने घटनाक्रम की विस्तृत जाँच के लिए उच्च स्तरीय समिति गठित की है।

इस समिति में अपर कलेक्टर गौरव बेनल, संयुक्त संचालक महिला एवं बाल विकास डॉ संध्या व्यास, चाचा नेहरू बाल चिकित्सालय की अधीक्षक एवं शिशु रोग विभाग की विभाग अध्यक्ष डॉ प्रीति मालपानी तथा वरिष्ठ शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ श्रीलेखा जोशी को शामिल किया गया है।

कलेक्टर ने एसडीएम को हटाया

कलेक्टर ने मल्हारगंज क्षेत्र के एसडीएम श्री ओमनारायण सिंह बडकुल को एसडीएम पद से हटाते हुए उन्हें जिला निर्वाचन कार्यालय में अटैच किया है।