Demand to End One-Way : जवाहर मार्ग का ‘वन-वे’ खत्म करने की मांग, व्यापारी सड़क पर!

कारोबार चौपट हो गया, टू-व्हीलर को वन-वे से मुक्त किया जाए, विधायक को घेरा!  

1419

Demand to End One-Way : जवाहर मार्ग का ‘वन-वे’ खत्म करने की मांग, व्यापारी सड़क पर!

Indore : यातायात के प्रयोग के बतौर जवाहर मार्ग और एमजी रोड के एक हिस्से को वन-वे किया गया है। शुरू में इसे प्रयोग करके परखा गया फिर 6 फ़रवरी से इसे लागू कर दिया गया। लेकिन, इस प्रयोग से इस सड़क के व्यापारी नाराज हैं। क्योंकि, वन-वे होने से उनका कारोबार चौपट हो गया।

अब तो ये व्यापारी अपने विरोध को लेकर सड़क पर उतर आए। सोमवार दोपहर व्यापारियों ने पुलिस प्रशासन और नगर निगम के फैसले के खिलाफ रैली निकाली। वे बैनर और पोस्टर लेकर इंदौर-4 की भाजपा विधायक मालिनी गौड़ के घर पहुंचे। जब उन्होंने विधायक के घर का घेराव करके नारेबाजी की, तो मालिनी गौड़ व्यापारियों से मिलने बाहर निकली। विधायक ने व्यापारियों की मांग सुनकर इस बारे में ट्रैफिक पुलिस और महापौर से चर्चा का आश्वासन दिया। उसके बाद यह आंदोलन स्थगित किया गया।

IMG 20240304 WA0082

जवाहर मार्ग के व्यापारियों का कहना है कि 6 फ़रवरी से जवाहर मार्ग पर सख्ती से वन-वे लागू किया गया है। यहां से टू-व्हीलर को भी नहीं निकलने दिया जा रहा। इससे हमारा कारोबार ठप हो रहा हैं, इससे जाम लगता वो अलग। व्यापारियों की मांग है कि जवाहर मार्ग को कम से कम टू-व्हीलर के लिए वन-वे नहीं किया जाना चाहिए। उनकी दोनों तरफ से आवाजाही चालू करना चाहिए। इसके अलावा चालान की कार्यवाही भी नहीं की जाए।

 

एक सप्ताह के ट्रायल के बाद हुआ वन-वे

इसी साल जनवरी के अंतिम सप्ताह में जवाहर मार्ग पर वन-वे के लिए प्रयोग शुरू हुआ। सात दिन तक ट्रायल चला। उसके बाद पुलिस प्रशासन और महापौर की अनुशंसा पर कलेक्टर ने इसे अधिकृत तौर पर वन-वे करने का आदेश 6 फरवरी को जारी किया। इसके विरोध में व्यापारियों ने विधायक मालिनी गौड़ के घर जाकर प्रदर्शन कर अपनी मांग रखी।

जवाहर मार्ग क्षेत्र के व्यापारी हाथों में बैनर लेकर सैकड़ों की संख्या में विधायक के कार्यालय पहुंचे और नारेबाजी की। व्यापारियों से उनकी मांगों पर चर्चा करने के बाद विधायक गौड़ ने इस मामले में जल्द ही सकारात्मक फैसला लेने का आश्वासन दिया।

 

दो रास्तों को वन-वे किया गया

कलेक्टर ने 6 फरवरी को आदेश जारी किया था। इसमें जवाहर मार्ग एवं एमजी रोड को वन-वे करने की घोषणा की गई। दोनों ही क्षेत्रों में वाहनों के भारी दबाव के चलते वन-वे में टू-व्हीलर को भी प्रतिबंधित किया गया। जवाहर मार्ग व्यापारी एसोसिएशन ने मार्केट एरिया होने के चलते टू-व्हीलर को प्रतिबंध से मुक्त करने की मांग की है।

 

राजबाड़ा के व्यापारियों की भी मांग

उधर, राजबाड़ा क्षेत्र के व्यापारी भी चाहते हैं कि राजबाड़ा से सुभाष चौक पार्किंग तक का मार्ग टू-वे किया जाए। राजबाड़ा क्षेत्र के 600 दुकानदार के हस्ताक्षर वाला ज्ञापन महापौर-कलेक्टर ओर पुलिस आयुक्त को देकर वन-वे में 500 मीटर क्षेत्र राजबाड़ा से सुभाष चौक पार्किंग को टू-वे करने की मांग की गई। इंदौर रिटेल गारमेंट्स एसोसिएशन के अध्यक्ष अक्षय जैन ने बताया कि राजबाड़ा क्षेत्र में पर्यटक आते है। व्यापारियों का दर्द है कि वन-वे के चलते राजबाड़ा से सुभाष चौक की ओर पार्किंग न होने से उनका और पर्यटकों का व्यवसायिक व्यवहार खत्म हो गया है। 600 दुकानों पर काम करने वाले 3 हजार से ज्यादा कर्मचारियों को पालन-पोषण भी उनके कारोबार के चलते होता है।