
Deputy Collector Accused of Rape : डिप्टी कलेक्टर पर महिला कर्मचारी ने दुष्कर्म का आरोप लगाया!
Bhopal : राजगढ़ जिले के पचोर थाना क्षेत्र की एक महिला कर्मचारी ने शुक्रवार को राजगढ़ एसपी आदित्य मिश्रा से शिकायत की कि कलेक्टर कार्यालय में पदस्थ डिप्टी कलेक्टर राजेश सोरते ने मेरे साथ दुष्कर्म किया। सारंगपुर एसपी ने इस मामले की जांच एसडीओपी अरविंद सिंह को सौंपी है। इस मामले में अभी कोई एफआईआर दर्ज नहीं की गई है।
पुलिस का कहना है कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी। इधर, डिप्टी कलेक्टर राजेश सोरते ने कहा कि महिला का बैकग्राउंड आपराधिक है। मुझे जानकारी नहीं है, कि वह क्या आरोप लगा रही है। पचोर की रहने वाली इस महिला ने बताया कि शादी का झांसा देकर मेरे साथ रेप किया।
डिप्टी कलेक्टर राजेश सोरते 2022 में पचोर में तहसीलदार के पद पर कार्यरत थे। इस दौरान उन्होंने मुझे प्रेम जाल में फंसाया। मुझे प्रदेश के कई जिलों में सरकारी हाउस और वीआईपी गेस्ट हाउस समेत दिल्ली तक घुमाया। आरोप लगाने वाली महिला भी विभागीय कर्मचारी है। उसका कहना है कि थाने में सुनवाई न होने पर दो दिन पहले महिला आयोग, मानवाधिकार आयोग और एसपी आदित्य मिश्रा को शिकायत की है।
अभी एफआईआर दर्ज नहीं
सारंगपुर के एसडीओपी अरविंद सिंह ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है। जांच के बाद जो भी तथ्य सामने आएंगे उसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल प्राथमिकी दर्ज नहीं की गई है। डिप्टी कलेक्टर राजेश सोरते ने बताया कि महिला आपराधिक बैकग्राउंड से है। मैंने परिवार की दयनीय स्थिति के नाम पर उसकी मदद की थी। वह क्या आरोप लगा रही है मुझे इसकी जानकारी नहीं है।
डिप्टी कलेक्टर ने कहा कि मैं पचोर में पदस्थ था। महिला भी विभागीय कर्मचारी है। तब महिला ने परिवार की दयनीय स्थिति के नाम पर कुछ रुपए उधार लिए थे। मुझे बाद में पता चला कि महिला आपराधिक बैकग्राउंड से है। उसके दो बच्चे हैं, दोनों जेल में होने की सूचना भी मिली। लेकिन, तब तक मैं उसे 5 लाख से अधिक राशि ऑफलाइन और ऑनलाइन उधार दे चुका था। अब राजगढ़ से स्थनांतरित होकर भोपाल आ गया, तो उससे पैसों की मांग की थी। मुझे जानकारी नहीं है, कि महिला क्या आरोप लगा रही है।





