DG Rank Promotion:1992 बैच के 6 अफसरों की DG के पद पर अगले साल होगी पदोन्नति

156

DG Rank Promotion:1992 बैच के 6 अफसरों की DG के पद पर अगले साल होगी पदोन्नति

भोपाल. मध्य प्रदेश में DG के 12 पद होने के बाद भी ADG से इस पद तक आने के लिए लंबा समय लग रहा है। वर्ष 1992 बैच के 6 अफसरों को डीजी के पद पर पदोन्नति के लिए पूरा एक साल का समय लगेगा। इसमें भी यह स्थिति तब बनेगी जब राज्य शासन अतिरिक्त दो पद की अनुमति के लिए केंद्र से गुहार लगाएगा, यदि अनुमति नहीं मिली तो साल भर के बाद भी इस बैच के कुछ अफसर डीजी नहीं बन सकेंगे। दरअसल राज्य शासन ने डीजी के पद पर दो साल के लिए दो अस्थाई पद रखे हैं, जिसके चलते यहां पर डीजी के 12 पद हो गए हैं।

प्रदेश में अभी वर्ष 1991 बैच के अफसर डीजी के पद पर पदोन्नत हो रहे हैं। इस बैच के तीन अफसर वरुण कपूर, उपेंद्र जैन और आलोक रंजन डीजी के पद पर पदोन्नत हो चुके हैं, जबकि अभी प्रज्ञा रिचा श्रीवास्तव और योगेश मुदगल एडीजी हैं। प्रजा रिचा श्रीवास्तव इसी महीने 31 अगस्त को एडीजी से पदोन्नत होकर डीजी बन सकती हैं, जबकि योगेश मुदगल 30 नवम्बर को डीजी के पद पर पदोन्नत हो सकते हैं। 30 अगस्त को स्पेशल डीजी सुषमा सिंह के रिटायर होने के बाद प्रज्ञा रिचा श्रीवास्वत और 30 नवम्बर को डीजीपी सुधीर सक्सेना के रिटायर होने के बाद योगेश मुदगल डीजी बन सकते हैं।

वहीं वर्ष 1992 बैच के अफसर एवं एडीजी एजेके राजेश गुप्ता इसी साल रिटायर होने वाले हैं। जबकि एडीजी एसटीएफ पंकज श्रीवास्तव फरवरी में डीजी के पद पर पदोन्नत हो सकते हैं। एडीजी डायल 100 आदर्श कटियार मार्च में स्पेशल डीजी बन सकते हैं। इनके बाद पवन श्रीवास्तव, मनीष शंकर शर्मा, जी अखीटो सेमा और डीसी सागर डीजी के पद पदोन्नत होंगे। इन सभी अफसरों के पदोन्नति के बीच में ही डीजी के दो पद अस्थाई तौर पर दिए जाने की व्यवस्था आगे जारी रखने के लिए भी राज्य शासन से अनुमति लेना होगी। तभी इस बैच के सभी अफसर अगले साल के अंत तक पदोन्नत हो सकेंगे।

डीजी रेंक के अफसर कौन कब होंगे रिटायर

प्रदेश में इस साल और अगले साल डीजी रेंक के नौ अफसर रिटायर होने वाले हैं। इनमें से आठ अफसर अभी डीजी के पद पर हैं, जबकि योगेश मुदगल अभी एडीजी हैं, लेकिन वे इसी साल के अंत में डीजी के पद पर पदोन्नत हो जाएंगे। इसी महीने सुषमा सिंह और नवम्बर में डीजीपी सुधीर सक्सेना रिटायर होने वाले हैं। इनके बाद अगले यानि 2025 जनवरी में स्पेशल डीजी रेल सुधीर कुमार साही, फरवरी में स्पेशल डीजी पुलिस रिफॉर्म शैलेष सिंह और डीजी प्रशासन विजय कटारिया, मई में डीजी होमगार्ड अरविंद कुमार, सितम्बर में 2025 डीजी जेल गोविंद प्रताप सिंह, दिसंबर में 2025 कैलाश मकवाना रिटायर होंगे। अभी एडीजी के पद पर पदस्थ योगेश मुदगल नवम्बर में पदोन्नत हो जाएंगे और अगस्त 2025 में वे रिटायर होंगे।