

तीसरी संतान की जानकारी छुपाकर नौकरी कर रहे थे डॉ शर्मा, सरकार ने थमाया नोटिस, जांच शुरु
भोपाल: मध्यप्रदेश में 26 जनवरी 2001 या उसके बाद या 2015 में नियुक्ति के समय अपनी तीसरी संतान होने की जानकारी छुपाकर नौकरी कर रहे भिंड जिले के शासकीय सिविल अस्पताल लहार में पदस्थ चिकित्सा अधिकारी डॉ विजय कुमार शर्मा की नौकरी संकट में आ गई है। स्वास्थ्य विभाग ने जानकारी छुपाकर नौकरी करने पर उन्हें नोटिस थमाते हुए उनसे जवाब मांगा है। उनकी विभागीय जांच भी शुरु कर दी गई है।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक भिंड के लहार सिविल अस्पताल में पदस्थ चिकित्सा अधिकारी डॉ विजय शर्मा की तीन संताने है। इसमें से एक संतान 26 जनवरी 2001 के बाद पैदा हुई है। विधायक देवेन्द्र रामनारायण सखवार ने इसकी शिकायत करते हुए इसमें की गई कार्यवाही से अवगत कराने को कहा था। इसको लेकर उन्होंने विभागीय उपमुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल से भी जानकारी चाही थी। इस मामले में स्वास्थ्य संचालनालय ने 19 दिसंबर 2024 को डॉ विजय शर्मा चिकित्सा अधिकारी सिविल अस्पताल लहार के विरुद्ध विभागीय जांच शुरु करने उन्हें आरोप पत्र जारी किया था। इसके बाद इसी माह 4 मार्च 2025 को इस प्रकरण में डॉ विजय शर्मा को की विभागीय जांच शुरु की है। डॉ शर्मा से पूछा गया है कि शासकीय सेवा में रहते हुए या शासकीय सेवा में आने के समय 26 जनवरी 2001 के बाद तीसरी संतान पैदा होती है तो ऐसे व्यक्तियों को शासकीय नौकरी में नियुक्ति का प्रावधान नहीं है। लेकिन उन्होंने शासन से यह जानकारी छुपाते हुए नौ वर्ष से शासकीय सेवा कर रहे है। क्यों न उनके विरुद्ध शासकीय सिविल सेवा नियमों के उल्लंंघन के लिए कार्यवाही की जाए। इसको लेकर उनसे आरोप पत्र पर जवाब मांगा गया है। वहीं उनकी विभागीय जांच भी इस मामले में शुरु कर दी गई है।
कलेक्टर भिंड ने दस जनवरी 2024 को चिकित्सा अधिकारियों की वरीयता को ध्यान में रखते हुए डॉ विजय शर्मा कोचिकित्सा अधिकारी लहार का प्रभार अन्य आदेश तक सौपा था। उनकी विभागीय जांच पूरी होंने के बाद जांच प्रतिवेदन के आधार पर उनके विरुद्ध नियमानुसार कार्यवाही की जाएगी।