MP में 1 अप्रैल से शुरू होगा नशा मुक्त मध्य प्रदेश अभियान, अवैध ड्रग्स के नेटवर्क पर होगी निर्णायक कार्रवाई, DGP के निर्देश

58

MP में 1 अप्रैल से शुरू होगा नशा मुक्त मध्य प्रदेश अभियान, अवैध ड्रग्स के नेटवर्क पर होगी निर्णायक कार्रवाई, DGP के निर्देश

भोपाल: प्रदेश में नशे के खिलाफ अब निर्णायक जंग की शुरूआत होने जा रही है। 1 अप्रैल से पूरे प्रदेश में नशा मुक्त मध्य प्रदेश अभियान प्रारंभ होगा। पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाणा ने प्रदेशभर के वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को स्पष्ट दिशा-निर्देश दिए हैं। सभी पुलिस अधीक्षकों से 6 अप्रैल तक इस संबंध में कार्ययोजना भी पुलिस मुख्यालय ने मांगी है।

साथ ही सभी जोनल आईजी, डीआईजी और पुलिस अधीक्षकों को निर्देश दिए हैं कि छोटे स्तर पर कार्रवाई से आगे बढ़ते हुए पूरे नेटवर्क को ध्वस्त किया जाए। दरसअल यह अभियान केंद्रीयगृह मंत्री अमित शाह के विजन के अनुरूप चलाया जा रहा है, जिसमें 1 अप्रैल 2026 से मादक पदार्थो के पूर्ण उन्मूलन का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

डीजीपी मकवाणा ने इस संबंध में समीक्षा बैठक बुलाई। जिसमें उन्होंने निर्देश दिए कि प्रदेश में विशेष रूप से केमिकल ड्रग्स जैसे एमडी ड्रग्स के खिलाफ सख्त अभियान चलाया जाए। उन्होंने निर्देश दिए हैं कि केवल छोटे स्तर के आरोपियों पर कार्रवाई पर्याप्त नहीं है, बल्कि ड्रग्स नेटवर्क के स्रोत, सप्लाई चैन और मुख्य सरगनाओं तक पहुंचकर पूरे नेटवर्क को ध्वस्त करना जरूरी है।

अभियान में टेक्नोलॉजी का अधिकतम उपयोग करने पर भी जोर दिया गया है। सभी जिलों में तकनीकी सेल को सक्रिय कर आनलाइन माध्यमों से हो रही ड्रग्स सप्लाई पर नजर रखे जाने का भी कहा गया है। साइबर सेल के साथ समन्वय बढ़ाकर संदिग्ध गतिविधियों की सतत निगरानी की जाएगी, साथ ही वीपीएन और डिजिटल प्लेटफॉर्म के जरिए संचालित नेटवर्क को ट्रैक करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा,नॉको कॉआर्डिनेशन सेंटर के तहत जिला स्तर पर नियमित बैठकें आयोजित की जाएंगी, जिनमें अन्य विभागों की भागीदारी सुनिश्चित कर संयुक्त कार्रवाई की जाएगी।

फोकस मालवा-निमाड़ और विंध्य में

प्रदेश में ड्रग्स का करोबार सबसे ज्यादा मालवा, निमाड़ और विंध्य क्षेत्र में होता है। ये तीनों ही क्षेत्र दूसरे राज्यों की सीमा से सटे हुए हैं। डीजीपी ने सीमावर्ती जिलों को पड़ोसी राज्यों के साथ तालमेल बनाकर ड्रग्स तस्करी पर रोक लगाने के निर्देश भी दिए गए हैं।