जनसुनवाई में वृद्ध ने खुद पर डाला पेट्रोल, 3 साल से जमीन विवाद से परेशान होकर उठाया खौफनाक कदम..

69

जनसुनवाई में वृद्ध ने खुद पर डाला पेट्रोल, 3 साल से जमीन विवाद से परेशान होकर उठाया खौफनाक कदम..

लोगों ने समय रहते माचिस और पेट्रोल छीनकर बचाई जान..

छतरपुर। जिले में मंगलवार को होने वाली कलेक्ट्रेट की जनसुनवाई उस समय हड़कंप का केंद्र बन गई, जब जमीन विवाद से परेशान एक वृद्ध ने खुद पर पेट्रोल डाल लिया। वृद्ध आत्मदाह करने की तैयारी कर चुका था, लेकिन मौके पर मौजूद लोगों की सतर्कता से बड़ा हादसा टल गया। घटना के बाद जनसुनवाई स्थल पर अफरा-तफरी मच गई।

जानकारी के अनुसार, लवकुशनगर अनुभाग क्षेत्र के बछरोन गांव निवासी वृद्ध अपने जमीनी विवाद को लेकर आवेदन देने जनसुनवाई में पहुंचा था। वृद्ध का आरोप है कि वह पिछले तीन वर्षों से अपनी जमीन के मामले में सरकारी दफ्तरों के चक्कर काट रहा है, लेकिन अब तक उसे कोई न्याय नहीं मिला। बार-बार आवेदन देने और अधिकारियों से गुहार लगाने के बावजूद सुनवाई न होने से वह मानसिक रूप से बेहद परेशान हो गया था।

जनसुनवाई के दौरान अचानक वृद्ध ने अपने ऊपर पेट्रोल डाल लिया और माचिस की तीली निकाल ली। यह देखकर आसपास मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। कुछ लोगों ने तुरंत हिम्मत दिखाते हुए वृद्ध के हाथ से माचिस और पेट्रोल की बोतल छीन ली, जिससे एक बड़ा हादसा होने से बच गया।

घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। पुलिस ने वृद्ध को शांत कराया और पूरे मामले की जानकारी ली। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि जमीन विवाद लंबे समय से चला आ रहा है और वृद्ध खुद को बेबस महसूस कर रहा था।

WhatsApp Image 2026 02 03 at 15.42.30 1

वहीं, इस घटना ने एक बार फिर जनसुनवाई और शिकायत निवारण व्यवस्था की प्रभावशीलता पर सवाल खड़े कर दिए हैं।