Dussehra celebration in Budni: अश्लील डांस पर मचा बवाल

461

Dussehra celebration in Budni: अश्लील डांस पर मचा बवाल

मध्यप्रदेश में बुधनी के दशहरा महोत्सव में इस डांस पर बवाल मचा है। हिंदू उत्सव समिति ने इसका आयोजन किया था जिसे मोबाइल के जरिए केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भी संबोधित किया था। इसमें विधायक रमाकांत भार्गव मुख्य अतिथि थे। कार्यक्रम के आयोजक का कहना है कि एक डांस गड़बड़ था जिसे बाद में रोक दिया गया। जबलपुर से इस ग्रुप को 50 हजार रुपए में बुलाया गया था।

बुधनी: मध्य प्रदेश के सीहोर जिले के बुधनी क्षेत्र में दशहरा उत्सव के दौरान एक आयोजन में अश्लील डांस की प्रस्तुति का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। वहीं धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजन के मंच पर इस तरह की घटनाओं को लेकर हिन्दू उत्सव समिति की जमकर आलोचना हो रही है। आयोजन में वहीँ मुख्य अतिथि के तौर पर विधायक रमाकांत भार्गव भी शामिल हुए थे और उन्होंने मंच से लोगों को संबोधित किया था।

प्राप्त जानकारी के अनुसार हिन्दू उत्सव समिति की तरफ से बुदनी के दशहरा मैदान में आयोजित कार्यक्रम में रावण दहन से पूर्व संस्कृति विभाग की तरफ से बुक किए गए श्री चंद्र माधव बारीक ग्रुप भोपाल ने श्री हनुमान लीला की प्रस्तुति दी। हनुमान लीला की प्रस्तुति के बाद केन्द्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मोबाइल के जरिए कार्यक्रम को संबोधित किया।

इसके बाद विधायक रमाकांत भार्गव, पूर्व विधायक राजेन्द्र सिंह राजपूत और नगरपालिका अध्यक्ष सुनीता मालवीय ने बतौर अतिथि कार्यक्रम को संबोधित किया। बताया जा रहा है कि विधायक भार्गव के जाने के बाद मुंबई की संजीवनी बेलेन्दे और फिर उसके बाद फिल्मी गानों पर महिला डांसरों ने खूब तुमके लगाए। हिन्दू उत्सव समिति के अध्यक्ष सतीश गुप्ता के मुताबिक जबलपुर के कलर्स म्युजिकल ग्रुप इवेंट को 50 हजार रुपए में बुलाया था, जिसकी महिला डांसरों ने दशहरा उत्सव के मंच पर रात 3 बजे तक प्रस्तुतियां दीं

दशहरा उत्सव के लिए बने मंच पर रंगारंग कार्यक्रम की प्रस्तुति गुरुवार शाम 5 बजे से शुरु हुई, जो रात 3 बजे तक चली। रात 8.30 बजे रावण दहन के बाद हिन्दू उत्सव समिति के मंच पर एक के बाद एक फिल्मी गानों पर महिला डांसरों ने खूब तुमके लगाए।

कांग्रेस ने की कड़ी निंदा 

कांग्रेस नेता और लोकप्रिय टीवी सीरियल ‘हनुमान’ फेम अभिनेता विक्रम मस्ताल ने भी सोशल मीडिया पर पोस्ट कर इसकी कड़ी निंदा की। उन्होंने लिखा, “आस्था के पर्व को भीड़-तोड़ी और दिखावे के चक्कर में अपमानित किया गया है। राम कथा के मंच पर ऐसी अश्लीलता? यह संस्कृति की हत्या है। सरकार को जवाब देना होगा। सबसे बड़ा सवाल यही है कि जब पूरा आयोजन मध्यप्रदेश संस्कृति विभाग के जिम्मे था, तब मंच पर ऐसी अश्लीलता कैसे परोसी गई? अगर यह किसी निजी समिति या उत्सव समिति का कार्यक्रम होता, तो बात अलग होती। लेकिन सरकारी विभाग द्वारा परंपराओं को धूमिल करने की अनुमति देना न केवल लापरवाही, बल्कि जिम्मेदारी की कमी को दर्शाता है।

 

सोशल मीडिया पर समिति हो रही ट्रोल

अब हिन्दू उत्सव समिति के मंच पर अश्लील डांस के वीडियो सोशल मीडिया पर खूब ट्रोल हो रहे हैं, हालांकि समिति के अध्यक्ष सतीश गुप्ता सफाई देते हुए कह रहे है कि बीच में सिर्फ एक प्रस्तुति गड़बड़ हुई थी, जिसे बीच में ही रोक दिया गया। दशहरा उत्सव के मंच पर अश्लील डांस नहीं कराया गया है।