

Earthquake in Myanmar : ऊंची-ऊंची इमारतें डोली, म्यांमार में 7.7 तीव्रता का भूकंप, थाइलैंड में भी झटके आए!
म्यांमार और थाईलैंड में भूकंप से तबाही, निर्माणाधीन फ्लाईओवर ढहा!
Naypyidaw (Myanmar) : आज म्यांमार और थाईलैंड की राजधानी बैंकॉक में भूकंप के तेज झटके महसूस आए। मौसम विभाग के मुताबिक रिक्टर स्केल पर इसकी तीव्रता 7.7 थी। दोनों ही देशों में भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए। भूकंप का केंद्र म्यांमार में बताया जा रहा है। भूकंप की वजह से दोनों देशों को कितना नुकसान हुआ है, उसकी जानकारी अभी तक नहीं मिली। भूकंप के झटकों का असर थाईलैंड की राजधानी बैंकॉक तक हुआ। यहां एक निर्माणाधीन फ्लाईओवर ढह गया। सैकड़ों लोग घबराकर इमारतों से बाहर निकल आए।
भूकंप के तेज झटकों से बैंकॉक और म्यांमार के शहरों में बड़ी-बड़ी इमारतें नाव की तरह हिलने लगी। इसके वीडियो भी वायरल हो रहे। वायरल वीडियो में लोग सड़कों पर भाग रहे हैं। भूकंप की वजह से बैंकॉक में एक गगनचुंबी इमारत के गिरने की खबर है। रिपोर्ट के मुताबिक यह बिल्डिंग निर्माणाधीन थी, जो भूकंप के झटके सह नहीं सकी। इसी तरह कई और वीडियो वायरल हो रहे हैं, जिसमें भूकंप के बाद के दहशत को देखा जा रहा।
भू-वैज्ञानिकों के मुताबिक भूकंप का एपिसेंटर म्यांमार के साउदर्न कोस्ट के सागाइंग के पास था। भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण और जर्मनी के जीएफझेड भूविज्ञान केंद्र ने कहा कि भूकंप 10 किलोमीटर (6.2 मील) की गहराई पर था। इस वजह से भूकंप का तेज झटका महसूस किया गया। कहा जा रहा है कि 7.7 की तीव्रता से 2 घंटे पहले भूकंप का एक छोटा सा झटका भी दोनों ही देशों में महसूस किया गया।
स्वीमिंग पूलों से पानी बहा, सीढ़ियों से भागे लोग
भूकंप की वजह से थाईलैंड और म्यांमार के पूलों से पानी बहने लगा। वहीं कई बिल्डिंग के नष्ट होने की बात कही गई है। स्थानीय मीडिया के मुताबिक भूकंप आने पर इमारतों में अलार्म बजने लगे और घबराए हुए निवासियों को घनी आबादी वाले सेंट्रल बैंकॉक में ऊंची इमारतों वाले कॉन्डोमिनियम और होटलों की सीढ़ियों से नीचे उतारा गया। लोगों को हताहत से बचने के लिए सड़कों पर ही रहने के लिए कहा गया। 6 दिन बाद थाईलैंड में बिम्सटेक का आयोजन होना है। इसके लिए बिम्सटेक के सदस्य थाईलैंड जाएंगे। 3 से लेकर 6 अप्रैल तक थाईलैंड में बिम्सटेक सम्मिट प्रस्तावित है।