बड़े भैया का निधन

भाजपा के बड़े नेता और कांग्रेस MLA के पिता 'बड़े भैया' का निधन

1943

Indore : वरिष्ठ भाजपा नेता और कांग्रेस विधायक संजय शुक्ला के पिता विष्णु प्रसाद शुक्ला का गुरुवार को इंदौर में निधन हो गया। उन्हें ‘बड़े भैया’ के नाम से जाना जाता था। कुछ समय से उनकी तबीयत ठीक नहीं थी। ‘बड़े भैया’ का जन्म 1937 में जानापाव के नजदीक जामली ग्राम में हुआ था। बड़े भैया का 86 वर्ष की उम्र में देवलोकगमन हुआ। उनके निधन से मध्य प्रदेश एवं इंदौर ब्राह्मण समाज में शोक है।

विष्णु प्रसाद शुक्ला का पूरा परिवार भाजपा से जुड़ा है। फिर उनका एक बेटा संजय कांग्रेस से विधायक है। हाल ही में संजय शुक्ला ने इंदौर में कांग्रेस महापौर प्रत्याशी के तौर पर चुनाव लड़ा और भाजपा के पुष्यमित्र भार्गव से हारे। बड़े भैया का दूसरा बेटा राजेंद्र शुक्ला भाजपा से पार्षद रहे हैं। विधानसभा चुनाव लड़ा, पर हार का सामना करना पड़ा। दरअसल, संजय शुक्ला ही परिवार में पहले नेता हैं, जो विधानसभा चुनाव जीते हैं। बड़े भैया खुद दो बार चुनाव हार चुके हैं। संजय शुक्ला के चचेरे भाई गोलू शुक्ला भाजपा युवा मोर्चा के अध्यक्ष रहे हैं। भांजा विकास अवस्थी चुनाव संचालन समिति का सदस्य था।

भाजपा के वरिष्ठ नेता प्यारेलाल खंडेलवाल के आग्रह पर भाजपा से जुड़े। मिसा में गिरफ्तार होकर 19 महीने जेल में भी रहे। सांवेर जनपद अध्यक्ष बने। दो बार विधानसभा चुनाव लड़ा, पर हार गए।

कहा जाता है कि ‘बड़े भैया’ के दरवाजे से कभी कोई खाली हाथ नहीं लौटा। वे सदैव मदद को तैयार रहे। कई बार विवाद भी हुए। एक बार अटल बिहारी वाजपेयी के परिवार पर संकट आ गया था, तब विष्णुप्रसाद शुक्ला ने खुद पूरे परिवार की मदद की। उन्होंने अलग-अलग ब्राह्मण जातियों को साथ में खड़ा किया और परशुराम जयंती मनाना शुरू किया। यहीं से उनकी समाज में यात्रा शुरू हुई और वे सर्वब्राह्मण संगठन के अखिल भारतीय अध्यक्ष भी रहे।

विष्णु प्रसाद शुक्ला के निधन पर पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने शोक संवेदना जाहिर की है। उन्होंने ट्वीट करते हुए लिखा कि विधायक संजय शुक्ला के पिताजी विष्णुप्रसाद शुक्ला के निधन का दुखद समाचार मिला। परिवार के प्रति शोक संवेदनाएं। ईश्वर उन्हें अपने श्रीचरणों में स्थान व पीछे परिजनों को यह दुख सहने की शक्ति प्रदान करे।