पश्चिम बंगाल सहित 5 राज्यों में चुनाव की तिथियों की घोषणा

116

पश्चिम बंगाल सहित 5 राज्यों में चुनाव की तिथियों की घोषणा

नई दिल्ली। चुनाव आयोग ने असम, केरल, तमिलनाडु, पश्चिम बंगाल और केंद्र शासित प्रदेश पुडुचेरी में होने वाले विधानसभा चुनावों की तारीखों की घोषणा कर दी है। इन राज्यों में अप्रैल महीने में चरणबद्ध तरीके से मतदान कराया जाएगा। इन सभी विधानसभाओं का कार्यकाल मई–जून 2026 के बीच समाप्त हो रहा है, इसलिए चुनाव प्रक्रिया अप्रैल में पूरी कराई जा रही है।

घोषित कार्यक्रम के अनुसार असम, केरल और पुडुचेरी में 9 अप्रैल को मतदान होगा। तमिलनाडु में 23 अप्रैल को वोट डाले जाएंगे, जबकि पश्चिम बंगाल में दो चरणों में मतदान कराया जाएगा। पश्चिम बंगाल में पहले चरण का मतदान 23 अप्रैल और दूसरे चरण का मतदान 29 अप्रैल को होगा।

पिछली बार पश्चिम बंगाल में आठ चरणों में मतदान हुआ था, इस बार बंगाल में सिर्फ दो चरणों में मतदान होगा।

चुनाव आयोग के अनुसार सभी राज्यों में मतगणना एक साथ 4 मई को की जाएगी और उसी दिन परिणाम घोषित किए जाएंगे।

इन चुनावों को देश की राजनीति के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि पांचों राज्यों की सरकारों का कार्यकाल इसी वर्ष समाप्त होने वाला है।