Embezzler Arrested : 5.65 करोड़ का ग़बन करने वाला कलेक्टर ऑफिस का बाबू गिरफ्तार! 

उसके साथ 29 के खिलाफ FIR दर्ज, कई अभी फरार 

1460

Embezzler Arrested : 5.65 करोड़ का ग़बन करने वाला कलेक्टर ऑफिस का बाबू गिरफ्तार! 

Indore : कलेक्टर ऑफिस के लेखा शाखा के बाबू मिलाप चौहान के खिलाफ पुलिस ने 5 करोड़ 67 लाख 96 हजार की गड़बड़ी का मामला देर रात दर्ज कर लिया। उसके साथ 29 अन्य लोगों के खिलाफ भी नामजद धोखाधड़ी सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। रात को ही मुख्य आरोपी मिलाप चौहान सहित कुछ अन्य आरोपियों को गिरफ्तार भी कर लिया। पुलिस अब लापता आरोपियों की तलाश में जुटी है।

रावजी बाजार टीआई प्रीतम सिंह ठाकुर के अनुसार पुलिस ने धारा 420, 467, 468, 409 और 120बी में केस दर्ज किया है। आरोपी मिलाप सिंह चौहान, रणजीत सिंह करोड, अमित निम्बालकर, मनीषा चौहान, संतोषी बाई, राहुल चौहान, राकेश परिहार, पूजा परिहार, समेत 29 लोगों के खिलाफ नामजद केस दर्ज किया गया है। यह शिकायत कल देर रात दर्ज की गई। इनमें मिलाप चौहान के अलावा एक अन्य बाबू रणजीत करोडे और चपरासी अमित निंबालकर का नाम भी शामिल है। इन सभी के खिलाफ धारा 120 बी, 420 ,467 468 व धारा 409 में प्रकरण पंजीबद्ध किया गया। कुछ आरोपी अभी फरार है, जिसकी पुलिस तलाश कर रही है। आरोपी मिलाप चौहान ने वित्त वर्ष 2020 से वर्ष 2023 तक बैंक ट्रांजेक्शन करके साथियों के बैंक खातों में पैसे ट्रांसफर किए।

कलेक्टर डॉ इलैया राजा टी ने मिलाप के साथ ही कर्मचारी रणजीत करोड और चपरासी अमित निम्बालकर को भी निलंबित कर दिया। पुलिस ने 29 लोगों के खिलाफ एफआईआर की है। रणजीत को सांवेर तो अमित को हातोद कार्यालय में अटैच किया गया। अपर कलेक्टर राजेश राठौड़ के मुताबिक कलेक्टोरेट से कई मदों में पैसा जाता है। इसमें कई तरह के वेंडर शामिल होते हैं। शासन का पैसा वह इन नाम के खातों में डालता, लेकिन उसमें खाता नंबर खुद, पत्नी और अन्य का होता था। कोविड के बाद से ही उसने इस पैसे को दूसरे अकाउंट में डाला।

लेखा शाखा के बाबू मिलाप और अन्य कर्मचारियों ने मिलकर किसानों के फसल नुकसानी जैसे मुआवजे की रकम तक अपने खातों में ट्रांसफर करवाई थी। हितग्राहियों को अलग-अलग मदों में इस राशि का भुगतान होना था, जो मिलाप अपने खाते के अलावा एक अन्य बाबू, एक भृत्य, अपनी पत्नी सहित 30 खातों में करता था। जब साथी पूछते थे, फंसेंगे तो नहीं, तो कहता था ‘चिंता मत करो, कोई नहीं फंसेगा, सबको उनका हिस्सा देता हूं।’ जहां कलेक्टर ने जांच की, तो शासन की 5.67 करोड़ रूपए के फर्जीवाड़े की जानकारी मिली। 29 नामजद आरोपियों के खिलाफ पुलिस ने मामला दर्ज किया है। इस मामले में अकेले मिलाप चौहान ने 3.67 करोड़ की राशि अपने खाते में ली। जबकि, उसने अपनी महिला दोस्त के खाते में 1.55 करोड़ की राशि भेजी। इसके अलावा रंजीत करोडे के पास 55 लाख की राशि ट्रांसफर की गई। कुल 33 खातों में यह राशि अलग-अलग माध्यम से ट्रांसफर की गई थी।

फ्लाइट पर 10 लाख से ज्यादा खर्च 

आरोपी के बैंक और ऑनलाइन भुगतान विवरण से पता चला कि उसने ‘मेकमाईट्रिप’ के माध्यम से विभिन्न स्थानों के लिए फ्लाइट टिकट बुक करने के लिए कथित रूप से 10 लाख रुपए से अधिक खर्च किए। कई लोगों को लोन के रूप में भी रुपए दिए। ट्रेजरी बिल घोटाले में अधिकारियों को कुछ ‘संदिग्ध’ दावों और रुपए के लेन-देन की जांच के लिए भोपाल से डेटा मिला।

खातेदारों की लम्बी लिस्ट 

बताया जा रहा है कि आरोपी मिलाप चौहान ने अपने इन दोनों दोस्तों के साथ उनके अन्य दो दोस्त और उनके पत्नियों के नाम के खातों में भी रुपए डालकर फिर उनसे वापस ले लिया करता था। यानी, यह चेन काफी लंबी बन सकती है। इसलिए पुलिस ने 29 को नामजद करते हुए अन्य के खिलाफ भी मुकदमा कायम किया है। जांच में अन्य के नाम सामने आ सकते हैं। ब पुलिस पकडे आरोपियों से पूछताछ में जुटी है जिनसे कई बड़े खुलासे हो सकते हैं।