

Emotional Bride : शादी के तीसरे दिन दुल्हन ने पति को युद्ध के लिए विदा किया, सबकी आंखों में आंसू आए!
नवविवाहिता ने कहा ‘मुझे गर्व है कि मेरे पति देश की रक्षा के लिए जा रहे, देश से बड़ा कुछ नहीं!’
Jalgaon (Maharashtra) : अब तक फिल्मों में ही ऐसा देखने को मिलता था कि नई-नवेली दुल्हन अपने पति को नम आंखों और भारी मन ने जंग के मैदान में भेजती है। लेकिन, मनोज पाटिल की पत्नी ने भी कुछ ऐसा ही किया। शादी के महज तीन दिन बाद उन्होंने अपनी पत्नी को सरहद पर विदा किया। जब दुल्हन परिवार के साथ पति को रेलवे स्टेशन छोड़ने गई, तो वहां का दृश्य देखकर सबकी आंखों में आंसू थे। यहां तक कि स्टेशन पर मौजूद अन्य यात्री भी अपने आंसू रोक नहीं सके।
दुल्हन के हाथों की मेहंदी नहीं छूटी थी, और नई नवेली दुल्हन को भीगी आंखों से अपने फौजी पति को जंग के मैदान के लिए विदा करना पड़ा। महाराष्ट्र के जलगांव के रहने वाले सेना के जवान मनोज ज्ञानेश्वर पाटील की शादी 5 मई को यामिनी पाटील से हुई थी। शादी की खुशियां अभी थमी भी नहीं थीं कि पाकिस्तान से बढ़ते तनाव के चलते मनोज की छुट्टी रद्द कर दी गई। उन्हें तुरंत सीमा पर रिपोर्ट करने का आदेश मिला। मनोज ने बिना कोई देर किए, देश सेवा को सर्वोपरि मानते हुए 8 मई को ड्यूटी ज्वाइन करने निकल पड़े।
जलगांव जिले के पाचोरा निवासी मनोज और यामिनी का विवाह पूरे रीति-रिवाज से सोमवार को संपन्न हुआ था। शादी के बाद नवदंपति ने जीवन की नई यात्रा के सपने देखने शुरू ही किए थे, लेकिन तभी ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के अंतर्गत सभी जवानों की छुट्टियां रद्द कर दी गईं और मनोज को भी तुरंत ड्यूटी ज्वाइन करने का आदेश मिला। मनोज जब ड्यूटी पर लौटने के लिए अपने घर से निकले तो नवविवाहिता पत्नी की आंखें नम हो गईं। लेकिन, यामिनी ने खुद को संभाला और कहा कि मुझे गर्व है कि मेरे पति देश की रक्षा के लिए सीमा पर जा रहे हैं, देश से बड़ा कुछ नहीं है।
भारत-पाकिस्तान के बीच जंग जैसे हालात के बीच उनको वापस ड्यूटी पर लौटना पड़ा। ये सोचकर ही उस परिवार की आंखें नम हो गईं कि जिसने तीन दिन पहले ही बेटे के सिर पर सेहरा बांधा और उसके हाथों में हल्दी लगाई उसे अब जंग के मैदान में भेजना पड़ रहा है। लेकिन, सलाम है उन माता-पिता को, जिन्होंने एक बार भी कुछ और सोचे बिना अपनी आंखों के तारे को सरहद पर भेज दिया। परिवार जब मनोज को रेलवे स्टेशन छोड़ने पहुंचा तो वे लोग काफी भावुक नजर आए। मनोज की नई-नवेली पत्नी की आंखों में आंसू साफ दिखाई दे रहे थे।