Fake Bride : ठगोरी दुल्हन को पकड़ने के लिए पुलिस नकली बारात लेकर पहुंची

पूरा परिवार ही नकली, पुलिस ने भी उसी पैंतरे का इस्तेमाल किया 

637

Indore : ठगोरी दुल्हन ने एक युवक को शादी का झांसा देकर 85 हजार रु. ठग लिए। पुलिस ने उसे पकड़ने के लिए उसी का पैंतरा अपनाया। पुलिस ने एक नकली दूल्हे को तैयार कर उसे पकड़ने के लिए जाल बिछाया। दुल्हन नया शिकार समझकर शादी के लिए आ गई। बारात लेकर पुलिस पहुंच गई और दुल्हन और उसके साथियों को धर दबोचा। ठगोरी दुल्हन से पूछताछ जारी है।

सेंट्रल कोतवाली थाना प्रभारी अशोक पाटीदार के अनुसार दो दिन पहले फरियादी रवि ठाकुर ने शिकायत की थी, कि उसके परिचित विनोद ने उससे शादी के लिए बात की और एक लड़की का फोटो दिखाकर बताया कि उसका नाम रेशमा है। रवि ने रेशमा को पसंद कर लिया और उसी शाम शादी की तैयारी कर ली। शादी में लड़की रेशमा के साथ उसकी मां पूजा और रिश्तेदार देवास में भेरूगढ़ के पास मंदिर में पहुंचे।

करीब 10 दिन पहले शादी हुई इसके बाद वह इंदौर आए।
रेशमा ने उससे कहा कि उसका भाई संजय सेतु पुल पर खड़ा है, उसे मोबाइल देना है। इस शादी के बदले में रेशमा और उसके परिवार वालों ने 85 हजार रु. लिए थे। रेशमा मोबाइल देने के बहाने गई और भाग निकली। फरियादी ने उसे काफी तलाशा बाद में पुलिस से शिकायत की। TI अशोक पाटीदार ने ठगोरी दुल्हन को पकडऩे के लिए उसी का पैंतरा आजमाया। उन्होंने एक नकली दूल्हा तैयार किया, जिसने रेशमा और उसकी मां से संपर्क किया। शादी के बदले एक लाख रु. देने का लालच भी दिया था।

ठगोरी दुल्हन को नया शिकार नजर आया तो शादी के लिए तैयार होकर मोती तबेला के पास मंदिर में आ गई। जैसे ही शादी की प्रक्रिया शुरू होने लगी वैसे ही कोतवाली थाने की पुलिस बारात लेकर वहां पहुंच गई। उन्होंने ठगोरी दुल्हन, उसकी मां और अन्य को पकड़ लिया। ठगोरी दुल्हन का असली नाम राधिका राव उर्फ वर्षा उर्फ रेशमा पति सनी सालवी निवासी नॉर्थ हरसिद्धि मोती तबेला है। जबकि, उसकी मां की भूमिका करने वाली पूजा सावंत उर्फ पूजा पटेल पति सोनू मराठा निवासी द्वारकापुरी है। उसकी बहन बनने वाली आरोपी का नाम मंजू पति वीरेंद्र चौधरी है। सभी से पुलिस पूछताछ कर रही है। बताया जा रहा है उन्होंने कुछ और लोगों को शादी के नाम पर ठगा है।