
दमोह SP के नाम से फर्जी फेसबुक अकाउंट, पुलिस ने जारी की सख्त चेतावनी
दमोह से महेंद्र सिंह परिहार की रिपोर्ट
दमोह; दमोह पुलिस अधीक्षक ने जानकारी देते हुए बताया कि उनके नाम (श्रुतकीर्ति सोमवंशी) से फेसबुक पर एक फर्जी अकाउंट बनाया गया है। यह अकाउंट पूरी तरह से फर्जी है और इसका पुलिस अधीक्षक या पुलिस प्रशासन से कोई भी संबंध नहीं है।
पुलिस अधीक्षक ने आम जनता को सतर्क करते हुए अपील की है कि इस फर्जी फेसबुक अकाउंट से किसी भी प्रकार का संपर्क न करें। साथ ही किसी भी स्थिति में अपनी व्यक्तिगत जानकारी, बैंक डिटेल्स या किसी तरह की वित्तीय जानकारी साझा न करें। ऐसे फर्जी अकाउंट के माध्यम से लोगों को गुमराह करने और ठगी की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता।
*सख्त कानूनी कार्रवाई के निर्देश*
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि इस तरह का फर्जी अकाउंट बनाना गंभीर अपराध की श्रेणी में आता है। फर्जी अकाउंट बनाने वाले व्यक्ति के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी और दोषी को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।
*साइबर सेल ने शुरू की जांच*
मामले को गंभीरता से लेते हुए दमोह पुलिस की साइबर सेल ने तत्काल जांच शुरू कर दी है। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर फर्जी अकाउंट बनाने वाले आरोपी की पहचान की जा रही है और उसे शीघ्र गिरफ्तार कर कानूनी रूप से दंडित किया जाएगा।
इसके साथ ही फेसबुक प्लेटफॉर्म को भी इस फर्जी अकाउंट की जानकारी दे दी गई है, ताकि अकाउंट को जल्द से जल्द हटाया जा सके और भविष्य में इस तरह की गतिविधियों पर रोक लगाई जा सके। पुलिस प्रशासन ने जनता से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध सोशल मीडिया अकाउंट की जानकारी तुरंत पुलिस या साइबर सेल को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।





