FIR Against Congress MLA : शंकर जी पर विवादित टिप्पणी करने पर कांग्रेस विधायक बाबू जंडेल के खिलाफ FIR दर्ज!

सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद मामला गरमाया, हिंदूवादी संगठनों ने मोर्चा खोला!

143

FIR Against Congress MLA : शंकर जी पर विवादित टिप्पणी करने पर कांग्रेस विधायक बाबू जंडेल के खिलाफ FIR दर्ज!

Indore : श्योपुर से कांग्रेस विधायक बाबू जंडेल को अपने विवादित बयान के कारण आलोचना का सामना करना पड़ रहा है। भगवान शिव पर की गई उनकी आपत्तिजनक टिप्पणी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला गर्मा गया। बीजेपी और हिंदूवादी संगठनों ने विधायक के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है, इस कारण उनके खिलाफ धार्मिक भावना भड़काने का आरोप लगाया गया है।

इसके विरोध में इंदौर के तुकोगंज थाने में शुक्रवार देर रात बाबू जंडेल के खिलाफ मामला दर्ज किया गया। यह कार्रवाई तब की गई जब बजरंग दल के सदस्यों ने थाने पहुंचकर विधायक के खिलाफ घेराव किया। शिकायत दर्ज करवाते हुए कहा कि विधायक ने हिंदुओं के आराध्य देव भगवान महादेव के प्रति अपशब्द कहे हैं, जिससे धार्मिक भावनाएँ आहत हुई हैं। उन्होंने मांग की, कि ऐसे विधायक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।

विवादित टिप्पणी की बढ़ती आलोचना और विरोध के चलते वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में उक्त मामला दर्ज किया गया। इस मामले में आगे की कार्रवाई की प्रतीक्षा की जा रही है। तुकोगंज थाने में बीएनएस की धारा 299 और 302 के तहत केस दर्ज किया गया है। बाबू जंडेल का कुछ दिनों पहले एक वायरल वीडियो सामने आया था।

श्योपुर में भी मामला दर्ज

श्योपुर में भी बाबू जंडेल पर एफआईआर दर्ज हुई है। विश्व हिंदू परिषद की शिकायत पर भगवान शंकर के बारे में कथित तौर पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने का मामला दर्ज किया गया। हालांकि, विधायक ने कहा कि वायरल वीडियो के साथ छेड़छाड़ की गई है।

एसडीओपी राजीव कुमार दुबे ने बताया कि बाबू जंडेल पर भारतीय न्याय संहिता के प्रावधानों के तहत समूहों के बीच दुश्मनी को बढ़ावा देने, लोक सेवक द्वारा दिए गए आदेशों की अवज्ञा करने, धर्म या धार्मिक विश्वासों का अपमान करने के इरादे से दुर्भावनापूर्ण कार्य करने और शब्दों के माध्यम से जानबूझकर धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार, श्योपुर विधायक पर विश्व हिंदू परिषद की शिकायत पर मामला दर्ज किया है।