Fog & Cold Winds : शहर में पारा लगातार गिर रहा, कोहरा और सर्द हवाओं का दौर!

अब इंदौर में ठंड बढ़ना तेज होगी, इस महीने पारा 11 डिग्री तक गिरेगा! 

403

Fog & Cold Winds : शहर में पारा लगातार गिर रहा, कोहरा और सर्द हवाओं का दौर!

 

Indore : रविवार के बाद से शहर का तापमान लगातार गिर रहा है। मंगलवार, बुधवार के बाद गुरुवार का दिन भी ठंडा रहेगा। दिन के तापमान में थोड़ी बढ़ोतरी हुई। बुधवार को दिन का तापमान 21.1 डिग्री दर्ज किया गया। यह सामान्य से 7 डिग्री कम है। रात का तापमान 16 डिग्री दर्ज हुआ। यह सामान्य से 4 डिग्री अधिक है। आने वाले दिनों में तापमान 11 डिग्री तक जाए तो आश्चर्य नहीं किया जाना चाहिए।

बंगाल की खाड़ी से 2 दिसंबर को उठे तूफान ‘मिचौंग’ का असर इंदौर में ज्यादा दिखाई नहीं दिया। तूफान के साथ बने सिस्टम के हटने से अब इंदौर में ठंड बढ़ना तेज होगी। दिसंबर के पहले इससे कम तापमान 27 नवंबर को 14.6 डिग्री दर्ज हुआ था। इंदौर में यह पहली बार है जब पिछले 10 साल में दिन भी रात जितने सर्द हैं। इंदौर में नॉर्थ-ईस्ट सूखी ठंडी हवाएं चलने से तापमान में गिरावट देखने को मिलेगी, जिससे ठंड बढ़ेगी। आने वाले दिनों में इंदौर में कोहरा भी बढ़ने के आसार हैं। गुरुवार को शहर में उत्तर व उत्तर पूर्वी हवा 10 से 12 किलोमीटर प्रतिघंटा की गति से चली। दिसंबर में इस साल बीता मंगलवार का दिन सबसे ठंडा रहा और दिन का तापमान 20 डिग्री दर्ज हुआ था, जो सामान्य से 9 डिग्री कम था।

IMG 20231207 WA0039

अभी कोहरा रहेगा, सर्द हवाएं चलेगी 

आने वाले 4 से 5 दिन शहर में कोहरे का असर ज्यादा देखने को मिलेगा। सुबह 7 से 8 बजे तक बाहरी क्षेत्र में ज्यादा घना कोहरा छाएगा। उसके बाद 10 से 11 बजे तक कोहरा हल्का होगा। शहर में हवाएं चलने और बादल छाने की वजह से कोहरा बना रहेगा। अब दिन का तापमान बढ़ेगा और रात के तापमान में लगातार गिरावट आएगी। 7 से 10 दिसंबर तक 16 से 14 डिग्री तक तापमान न्यूनतम रहेगा। 11 दिसंबर के बाद यह 13 डिग्री पर रहेगा या उससे भी नीचे जा सकता है।

अब तक कितनी ठंड पड़ चुकी   

17 दिसंबर 2014 को शहर का न्यूनतम तापमान 5 डिग्री रिकार्ड किया गया था। मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक, इस महीने तापमान 9 डिग्री के नीचे जाने की संभावना कम है। मौसम विभाग दर्ज रिकॉर्ड के अनुसार 27 दिसंबर 1936 को शहर का न्यूनतम तापमान 1.1 डिग्री दर्ज किया गया था। इसके बाद पारा कभी इतना नीचे नहीं गिरा।