सीधी भर्ती के पदों को भरने GAD ने बनाया मॉडल रोस्टर, सभी विभागों को करना होगा पालन

855

भोपाल: मध्यप्रदेश में सीधी भर्ती के मामलों में ऐसे राज्य स्तरीय संवर्ग जिनमें पदों की संख्या एक से आठ है उनके लिए मॉडल रोस्टर लागू किया गया है। सामान्य प्रशासन विभाग ने इसे सभी विभागों में लागू कर दिया है। इसमें अन्य पिछड़ा वर्ग को आरक्षण 14 से बढ़ाकर 27 किया गया है और आर्थिक रुप से कमजोर वर्ग को दस प्रतिशत आरक्षण दिया जाएगा।
प्रदेश के सरकारी महकमों में जिन संवर्गो में आठ से ज्यादा पद है उनके लिए सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा चार जनवरी 2020 को जारी सौ बिन्दु वाले रोस्टर का पालन किया जाएगा।
वहीं सरकारी विभागों के ऐसे संवर्ग जिनमें स्वीकृत पदों की संख्या आठ या उससे कम है उनके लिए राज्य शासन ने मॉडल रोस्टर लागू किया है।

सामान्य प्रशासन विभाग ने सभी विभागों के अपर मुख्य सचिव, प्रमुख सचिव, सचिव, विभागाध्यक्षों, कलेक्टर और जिला पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को निर्देशित किया है कि सीधी भर्ती के द्वारा भरे जाने वाले राज्य स्तरीय पदों संवर्गो के लिए मॉडल रोस्टर संधारित करे।

राज्य शासन द्वारा पूर्व में जारी 2 से 5 पदों के लिए मॉडल रोस्टर के स्थान पर अब एक से आठ पदों के लिए मॉडल रोस्टर लागू किया जा रहा है। इस मॉडल रोस्टर में अन्य पिछड़ा वर्ग को 27 प्रतिशत आरक्षण और आर्थिक रुप से कमजोर वर्ग ईडब्ल्यूएस को दस प्रतिशत आरक्षण दिया जाएगा। पूर्व से प्रचलित दो से पांच बिन्दु मॉडल रोस्टर लागू करने की तिथि से पूर्व में प्रत्येक संवर्ग में हुई नियुक्तियों की प्रविष्ठि अद्यतन करते हुए पूर्व रोस्टर को वहीं फ्रीज किया जाएगा।

इस तरह लागू होगा मॉडल रोस्टर-
सीधी भर्ती के मामलों में ऐसे राज्य स्तरीय संवर्ग जहां स्वीकृत पदों की संख्या एक से आठ है वहां मॉडल रोस्टर इस तरह संधारित किया जारएगा। यदि संवर्ग में स्वीकृत पदों की संख्या दो है तो इनमें से दो पर पहली बार सौ बिन्दु मॉडल रोस्टर के बिन्दु क्रमांक एक से दो में दर्शाए अनुसार पहला पद अनारक्षित रहेगा तो दूसरा पद अन्य पिछड़ा वर्ग से होगा।

इसके बाद संवर्ग में पद रिक्त होंने पर उन्हें रिप्लेसमेंट प्रक्रिया से रोटेशन में भरा जाएगा। इसमें पहलर रिप्लेसमेंट अनुसूचित जनजाति से, दूसरा अनारक्षित से, तीसरा अनुसूचित जाति से, चौथा अनारक्षित से पांचवा अन्य पिछड़ा वर्ग से छटवा अनुसूचित जनजाति से तथा सातवा रिप्लेसमेंट आर्थिक रुप से कमजोर वर्ग के लिए होगा।

प्रदेश के अपर मुख्य सचिव सामान्य प्रशासन विनोद कुमार के अनुसार
सरकारी विभागों में सीधी भर्ती के रिक्त पदों को भरने के लिए सामान्य प्रशासन विभाग ने मॉडल रोस्टर लागू कर दिया है। अब इसका पालन सभी को करना होगा।