Ganpati Ghat Accident : गणपति घाट हादसे के मृतकों में एक इंदौर के होटल मालिक! 

एक बाइक सवार मृतक दूध व्यवसायी, जबकि तीसरा मृतक ट्रक का ड्राइवर!

1054

Ganpati Ghat Accident : गणपति घाट हादसे के मृतकों में एक इंदौर के होटल मालिक! 

 

Indore : आगरा-मुंबई नेशनल हाईवे पर यहां से करीब 50 किमी दूर धामनोद थाना क्षेत्र के गणपति घाट पर सोमवार रात करीब 7 बजे बड़ा सड़क हादसा हो गया। घाट से उतर रहे एक बड़े ट्राले के ब्रेकफेल हो गए। ड्राइवर ने नियंत्रण खो दिया और दूसरी लेन में घाट चढ़ रहे वाहनों को टक्कर मारता हुआ उलट गया, जिससे उसमें आग लग गई।

3-4 वाहनों में भीषण आग लग गई, जिससे 3 लोगों की जिंदा जलने से मौत हो गई। कई गंभीर रूप से घायल हुए हैं। आग के बेकाबू होने का कारण यह बताया जा रहा कि ट्रक में पशुओं को खिलाई जाने वाली चापड़ भरी थी। फायर ब्रिगेड घटना के आधे घंटे बाद पहुंची, जिससे आग ज्यादा बढ़ गई।

IMG 20231226 WA0023

एसडीओपी मोनिका सिंह ने बताया कि 3 लोगों के शव मिले, इनमें एक बाइक सवार दूध वाला है। दूसरा इंदौर का होटल व्यवसायी जबकि तीसरे मृतक पहचान नहीं हुई। मरने वालों में राकेश साहनी इंदौर के एक होटल व्यवसायी थे। वे कसरावद के अपने रिजॉर्ट से लौट रहे थे। रास्ते में गाड़ी खड़ी करके फोन पर बात कर रहे थे, तभी यह हादसा हो गया। गाड़ियों ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। इससे उनकी मौत हो गई। राकेश साहनी का ड्राइवर घायल हुआ है।

दूसरा मृतक जितेंद्र जाट हाईवे स्थिति एक गांव का रहने वाला है। वह दूध का व्यवसाय करता था। रोज दूध लेने के लिए धामनोद जाता था। सोमवार को भी धामनोद जा रहा था, तभी उसकी बाइक को ट्रक ने टक्कर मार दी। तीसरा मृतक घाट चढ़ रहे ट्रक का ड्राइवर बताया जा रहा है। ट्रक के क्लीनर फैजान ने बताया कि टक्कर के बाद पता नहीं कैसे वह बचकर निकल आया। उसे घायल अवस्था में धामनोद अस्पताल पहुंचाया गया। उसने बताया कि मेरी गाड़ी का ड्राइवर अंदर ही फंस गया था। हम सरिया भरकर इंदौर की ओर जा रहे थे। एक टवेरा कार में 10 लोग सवार थे, जो महेश्वर से सागौर कुटी जा रहे थे। उसमें एक बच्ची को आंख के पास चोट आई, जिसका उपचार किया गया।

 

नेशनल हाईवे ढाई घंटे रुका रहा

आग लगने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। धामनोद और महेश्वर से पहुंची फायर ब्रिग्रेड ने आग बुझाने की कोशिश की। आग पर काबू पाने में करीब ढाई से तीन घंटे लगे। हादसे के बाद एक लेन को बंद कर दिया गया। स्थिति सामान्य होने पर दूसरी लेन से ट्रैफिक को निकाला गया। घायलों को एंबुलेंस से अस्पताल भेजा गया। धामनोद एसडीओपी मोनिका सिंह ने बताया की यह घटना देर शाम को ट्रक के ब्रेक फेल होने से हुई। दुर्घटना के कारण लगी आग ने तीन-चार वाहनों को अपनी चपेट में लिया। इनमें दो ट्रक चालक और एक मोटरसाइकिल सवार की मौत हो गई। तीन घायल बताए जा रहे है। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि 5 से 6 वाहनों में आग लगी। हादसे के चलते हाईवे यातायात प्रभावित हुआ। कई घंटे तक लंबा जाम लगा रहा।