Government Alert : PM की यात्रा से पहले उज्जैन के निगम कमिश्नर को हटाया!  

1708
2000 Batch Officer

Government Alert : PM की यात्रा से पहले उज्जैन के निगम कमिश्नर को हटाया! 

Ujjain : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उज्जैन दौरे से पहले कथित लापरवाही के कारण नगर निगम कमिश्नर अंशुल गुप्ता को हटा दिया गया। उनको तत्काल उपसचिव बनाकर भोपाल भेज दिया गया। इससे पहले सरकार ने महाकाल समिति के प्रशासक गणेश कुमार धाकड़ को लापरवाही और मनमानी के कारण हटाया गया था। यदि जल्द व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो लापरवाही करने वाले और भी अफसर अगले दो दिन में हटाए जा सकते हैं। लोकार्पण कार्यक्रम की तैयारियां की समीक्षा भी CM शिवराज सिंह चौहान खुद कर रहे हैं, ताकि व्यवस्था में कहीं कोई चूक न हो!

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 11 अक्टूबर को महाकाल कॉरिडोर का लोकार्पण करने वाले हैं। इससे पहले सफाई व्यवस्था और स्वच्छता की रैंकिंग में पीछे होने और PM दौरे की ठीक से व्यवस्था न होने के कारण उज्जैन नगर निगम कमिश्नर अंशुल गुप्ता को हटाया गया है। आयोजन से पहले उज्जैन पहुंचे मुख्यमंत्री ने व्यवस्थाओं की समीक्षा की, तो वे दुरुस्त नहीं पाई गई। इस कारण नगर निगम कमिश्नर अंशुल गुप्ता को हटा दिया।

सामान्य प्रशासन मंत्री भूपेंद्र सिंह ने भी बुधवार को उज्जैन और महाकाल लोक में साफ-सफाई को लेकर समीक्षा बैठक की थी। इसमें काम में लेटलतीफी को लेकर मंत्री ने नाराजगी व्यक्त की। साथ ही हाल ही में आए स्वच्छता सर्वेक्षण में भी नगर निगम की स्वच्छता रैंकिंग 10 से गिरकर 17 पर आ गई। इसे लेकर भी मंत्री ने बेहद नाराजगी व्यक्त की थी।

IMG 20221006 WA0039

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘महाकाल लोक’ के लोकार्पण कार्यक्रम को देखते हुए पूरा प्रशासन हाई अलर्ट पर है। नगर निगम कमिश्नर अंशुल गुप्ता की मनमानी की काफी शिकायतें आ रही थीं। निगम कमिश्नर काफी समय से अधिकारियों की मनमर्जी पोस्टिंग कर रहे थे। सीनियर अधिकारी का डिमोशन करना और अपने ही कर्मचारियों के साथ भेदभावपूर्ण व्यवहार करने की भी शिकायतें थी। महाकाल मंदिर समिति के अध्यक्ष को लेकर नगर निगम कमिश्नर अंशुल गुप्ता विवादों में रहे। शिकायतों की फेहरिस्त में कई काम पेंडिंग होने और ठेकेदारों के बिल पेंडिंग होने की भी शिकायतें लगातार की जा रही थी। इसे लेकर भी अंशुल गुप्ता पर गाज गिरी है।

IMG 20221006 WA0041

पहले महाकालेश्वर मंदिर प्रशासक को हटाया

प्रधानमंत्री के दौरे से पहले महाकालेश्वर मंदिर समिति के प्रशासक गणेश कुमार धाकड़ को हटाया गया था। उनके स्थान पर इंदौर नगर निगम के अपर आयुक्त संदीप कुमार सोनी को प्रशासक बनाया गया। मंदिर समिति के प्रशासक गणेश कुमार धाकड़ पिछले लंबे समय से विवादों में घिरे थे। उनके खिलाफ कलेक्टर आशीष सिंह ने भी कारण बताओ नोटिस भी जारी किया था। कयास लगाए जा रहे थे कि प्रशासक धाकड़ को राज्य सरकार हटा सकती है। लेकिन, प्रधानमंत्री के दौरे के ठीक पहले उन्हें हटा दिया गया।

 

कई विवादों से घिरे थे प्रशासक

महाकालेश्वर मंदिर में पिछले माह भारतीय जनता युवा मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और प्रदेश अध्यक्ष का आगमन हुआ था। इस दौरान आरोप लगा था कि प्रशासक गणेश कुमार धाकड़ ने ही भाजयुमो नेताओं को नंदीहाल में प्रवेश की अनुमति दी, पर  ऐन वक्त पर उन्होंने अपना फैसला बदल दिया। इसके बाद हंगामे जैसी स्थिति बन गई थी। इस पूरे मामले को लेकर कलेक्टर आशीष सिंह ने प्रशासन को 3 दिन में जवाब देने का कारण बताओ नोटिस भी जारी किया था। अभिनेता रणबीर कपूर और आलिया भट्ट के महाकालेश्वर मंदिर में प्रवेश को लेकर हिंदूवादी संगठन के नेताओं ने जमकर विरोध किया था। इस दौरान मंदिर परिसर में हंगामे की स्थिति भी निर्मित हुई। इस दौरान भी पूरे समय प्रशासक के दायित्वों को लेकर सवाल खड़े होते रहे।