भाजपा विधायक दल में ग्वालियर-चंबल को मिला कम प्रतिनिधित्व,नहीं बन सका कोई पदाधिकारी

130
40 Star Campaigner For BJP
BJP Leaders not Happy

भाजपा विधायक दल में ग्वालियर-चंबल को मिला कम प्रतिनिधित्व,नहीं बन सका कोई पदाधिकारी

भोपाल:भाजपा विधायक दल के पदाधिकारियों में ग्वालियर-चंबल को जगह नहीं मिल सकी। हालांकि कार्यकारिणी में तीन विधायकों को जगह दी गई है, लेकिन पदाधिकारियों में सभी अचंल के नेताओं को लिया गया है। बुंदेलखंड से दो विधायक पदाधिकारी बने हैं। इसमें 9 पदाधिकारी है, जबकि 16 सदस्य बनाए गए हैं।

पदाधिकारियों में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव दल के नेता हैं, कैलाश विजयवर्गीय मुख्य सचेतक है। ये दोनों नेता मालवा क्षेत्र से आतें हैं। वहीं ओमप्रकाश धुर्वे उप नेता बनाए गए हैं। वहीं कटनी जिले के संजय पाठक को मंत्री बनाया गया है। ये दोनों नेता महाकौशल से आते हैं। इसी तरह सागर के विधायक शैलेंद्र जैन महामंत्री एवं हरिशंकर खटीक को मंत्री बनाया गया है। ये दोनों नेता बुंदेलखंड से आते हैं। सचेतक बनाई गई रीती पाठक विंध्य क्षेत्र से सचेतक रामेश्वर शर्मा और कोषाध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल मध्य क्षेत्र से आते हैं। इसमें ग्वालियर-चंबल से किसी भी विधायक को जगह नहीं मिल सकी।

भाजपा के 16 विधायकों की कार्यकारणी सदस्यों में ग्वालियर-चंबल के तीन विधायकों को लिया गया है। इसमें करेरा विधायक रमेश प्रसाद खटीक, चंदेरी के विधायक जगन्नाथ सिंह रघुवंशी, लहार के विधायक अमरीश शर्मा को इसमें शामिल किया गया है। इसमें बुंदेलखंड से पूर्व नेता प्रतिपक्ष एवं रहली विधायक गोपाल भार्गव, पूर्व मंत्री जयंत मलैया, भूपेंद्र सिंह को भी रखा गया है। इसी तरह विंध्य क्षेत्र से नागेंद्र सिंह नागोद, सिरमौर विधायक दिव्य राज सिंह, जयसिंह मरावी और मीना सिंह इसमें शामिल हैं। मध्य क्षेत्र से सीतासरन शर्मा, सिरोंज विधायक उमाकांत शर्मा को जगह दी गई है। वहीं महाकौशल से अजय विश्नोई, मालवा-निमाड़ से डॉ. राजेंद्र पांडेय, ओमप्रकाश सखलेचा, मंजू दादू को शामिल किया गया है।