
IPS अधिकारी वाई पूरन कुमार ने किया सुसाइड,साउंडप्रूफ बेसमेंट में जाकर मारी गोली
Y Puran Kumar IPS : हरियाणा के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (ADGP) वाई पूरन कुमार ने मंगलवार को चंडीगढ़ के सेक्टर 11 स्थित अपने आवास पर कथित तौर पर खुद को गोली मार ली। उनकी पत्नी हरियाणा कैडर की आईएएस अफसर हैं। वह अभी मुख्यमंत्री नायब सिंह के साथ जापान में हैं।
चंडीगढ़ : हरियाणा कैडर के आईपीएस अधिकारी वाई पूरन कुमार चंडीगढ़ स्थित अपने आवास पर मृत पाए गए हैं। कहा जा रहा है कि उन्होंने खुद को गोली मारी है। पूरन कुमार हरियाणा में एडीजीपी के पद पर थे। उनकी पत्नी अमनीत पी कुमार हरियाणा कैडर की आईएएस हैं। वह अभी हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल के साथ जापान में हैं।
वाई पूरन कुमार का परिवार चंडीगढ़ के सेक्टर 11 में रहता है। जानकारी के मुताबिक वाई. पूरण कुमार ने अपनी सर्विस रिवॉल्वर से आत्महत्या की है। उन्होंने सोमवार को अपने गनमैन से बंदूक ली थी। उनकी बेटी को यह बंदूक बेसमेंट में मिली।वाई. पूरन कुमार2001बैच के हरियाणा कैडर के आईपीएस थे
1 साल पहले हरियाणा में 4 बैच (1991, 1996, 1997 और 2005 ) के IPS अफसरों के प्रमोशन पर IPS अफसर वाई पूरन कुमार ने सवाल उठाए थे। उन्होंने इसे लेकर मुख्यमंत्री नायब सैनी को लेटर लिखा था। इसमें उन्होंने प्रमोशन के अवैध होने का कारण वित्त विभाग की महज सहमति से केंद्रीय गृह मंत्रालय की गाइडलाइंस को ओवररूल किया जाना बताया।
लेटर में लिखा था कि उनके द्वारा 11 अक्टूबर 2022 को तत्कालीन गृह विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव टीवीएसएन प्रसाद को प्रतिवेदन दिया था कि 2001 बैच के अफसरों को DIG रैंक में पदोन्नति के लिए केंद्रीय गृह मंत्रालय के गाइडलाइंस के मुताबिक विचार किया जाए। उन्होंने मुख्यमंत्री को लिखे पत्र में कहा था कि उनका वेतन दोबारा तय किया जाए और एरियर भी दिया जाए।
साउंडप्रूफ बेसमेंट में जाकर मारी गोली
सूत्रों की मानें वाई पूरन कुमार ने अपने घर के बेसमेंट में जाकर खुद को गोली मारी है। उनका बेसमेंट साउंडप्रूफ है जिसके चलते गोली चलने की आवाज बाहर नहीं आई। काफी देर बाद उनकी बेटी ने नीचे जाकर देखा तो पिता की लाश पड़ी थी और पास में रिवॉल्वर भी पड़ी थी। उसने पुलिस को सूचना दी।
पूरन कुमार हरियाणा कैडर के आईपीएस थे। अभी वह पुलिस ट्रेनिंग कॉलेज में तैनात थे। वह अपने कार्यकाल के दौरान कई महत्वपूर्ण पदों पर रहे। घटना के दौरान एडीजीपी रैंक के अधिकारी पूरन कुमार की पत्नी अमनीत पी. कुमार घर में नहीं थी। वह अभी हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में एक आधिकारिक प्रतिनिधिमंडल के साथ जापान में हैं। पुलिस की टीम और फॉरेंसिक एक्सपर्ट को घटनास्थल पर भेजा गया और फिलहाल जांच जारी है।
सीनियर IPS ऑफिसर वाई पूरन कुमार ने आत्महत्या क्यों की, अभी तक यह सामने नहीं आया है। एडीजीपी रैंक के पूरन कुमार आईपीएस की सीनियॉरिटी को लेकर सवाल उठाते रहे हैं। सिस्टम को हमेशा चुनौती देते हैं। वह समय-समय पर गृह मंत्री अनिल विज को भी पत्र लिखते थे। वह हरियाणा में टीचर हत्याकांड की जांच कर रहे थे।





