
“स्वस्थ नारी सशक्त परिवार अभियान”: महिला कलेक्टर ने महिलाओं से की स्थानीय बोली में स्वास्थ्य जांच कराने की अपील
झाबुआ से कमलेश नाहर की रिपोर्ट
झाबुआ: झाबुआ जिले की महिला कलेक्टर नेहा मीणा ने स्वस्थ नारी सशक्त परिवार में महिलाओं के स्वास्थ्य उपचार और सम्पूर्ण जांच के लिए अपील का वीडियो जारी किया है। यह वीडियो उन्होंने महिलाओं व बहनों के लिए स्थानीय बोली में जारी कर कहा कि हमारे देश और समाज की प्रगति, नारी शक्ति के स्वास्थ्य और सशक्तिकरण पर निर्भर करती है।
प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने 17 सिंतम्बर को स्वस्थ बहन और सशक्त परिवार अभियान की शुरुआत की है। इसमें बहनों व माताओं को होने वाली अनेक बीमारियों की निशुल्क जांच की जा रही है। इस अभियान के माध्यम से महिलाओं, किशोरियों एवं बच्चों को स्वास्थ्य सेवाओं से जोड़ने तथा उनके समग्र स्वास्थ्य की स्थिति में सुधार लाने का लक्ष्य रखा गया है।

कलेक्टर नेहा मीना ने जिले की समस्त महिलाओं से कहा कि सभी माता-बहनों, बेटियों एवं किशोरियों को इस अभियान का लाभ अवश्य उठाना चाहिए और अपने नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र या अभियान शिविर में जाकर निःशुल्क स्वास्थ्य जांच एवं परामर्श कराना चाहिए।
इस अभियान के अंतर्गत सभी सेवाएं पूर्णतः निःशुल्क हैं और जिले के सभी स्वास्थ्य केंद्रों में इनका लाभ उठाया जा सकता है।अभियान के अंतर्गत महिलाओं के लिए निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। जिसमें गर्भवती महिलाओं की प्रसव पूर्व जांच एवं गुणवत्तापूर्ण उपचार, किशोरी बालिकाओं में एनीमिया की जांच, परामर्श और उपचार, आहार एवं व्यक्तिगत स्वच्छता से जुड़ी जागरूकता, महिलाओं और बच्चों का टीकाकरण मधुमेह, उच्च रक्तचाप, कैंसर जैसी बीमारियों की जांच, मानसिक स्वास्थ्य, दंत रोग एवं मोतियाबिंद की पहचान एवं उपचार, टीबी जैसी गंभीर बीमारियों की स्क्रीनिंग और उपचार किया जाएगा।





