आदिवासियों को साधने,कल केसला आयेंगे सी एम , पेसा जागरूकता सम्मेलन में 52 ग्राम पंचायतों के लोग होंगे शामिल

1422

आदिवासियों को साधने,कल केसला आयेंगे सी एम , पेसा जागरूकता सम्मेलन में 52 ग्राम पंचायतों के लोग होंगे शामिल

इटारसी से चंद्रकांत अग्रवाल की खबर

इटारसी। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान गुरुवार, 17 नवंबर को जिले के जनजातीय ब्लॉक व इटारसी के समीपस्थ केसला आएंगे और यहां पर पेसा जागरूकता सम्मेलन में शामिल होंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री श्री चौहान प्रातः 11:55 बजे हेलीकॉप्टर से प्रस्थान कर दोपहर 12:25 बजे हेलीपैड केसला पहुंचेंगे। मुख्यमंत्री श्री चौहान सहेली स्टेडियम, केसला में आयोजित पैसा जागरूकता सम्मेलन में शामिल होंगे। सम्मेलन के पश्चात दोपहर 1:45 बजे केसला हेलीपैड से भोपाल के लिए प्रस्थान करेंगे।
कमिश्नर नर्मदापुरम श्रीमन् शुक्ला, डीआईजी जे एस राजपूत, कलेक्टर नीरज कुमार सिंह एवं एसपी डॉ. गुरकरन सिंह ने आज बुधवार को केसला पहुंचकर यहां कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा लिया।

WhatsApp Image 2022 11 16 at 8.59.36 PM
उन्होंने हेलीपैड स्थल ,मंच व्यवस्था इत्यादि का निरीक्षण कर अधिकारियों को समुचित व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री के लिए आयोजन स्थल से करीब आधा किलोमीटर दूर हैलीपेड तैयार किया गया है। उल्लेखनीय है कि कल ही भारत की राष्ट्रपति श्रीमती द्रोपदी मुर्मू ने पेसा एक्ट लागू किया है। अतः अब मुख्यमंत्री पेसा जागरुकता कार्यक्रम को संबोधित करने आ रहे हैं। मध्यप्रदेश में अगले वर्ष चुनाव हैं और भाजपा आदिवासियों को साधने का प्रयास कर रही है। माना जा रहा है कि यह सम्मेलन भी इसी लक्ष्य की एक कड़ी है। प्रदेश के 89 अधिसूचित विकासखंडों में पेसा कानून लागू किए जाने के पश्चात प्रस्तावित कार्यक्रम के माध्यम से विकासखंड में पेसा कानून संबंध में जागरूकता लाने के उद्देश्य से कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। कार्यक्रम में केसला विकासखंड के 52 ग्राम पंचायतों के पंचायत प्रतिनिधि, पटेल, पुजारी, आदिवासी समुदाय के सम्मानित व्यक्ति तथा ग्राम पंचायतों से आए विभिन्न नागरिक सम्मिलित होंगे। मंच पर मुख्यमंत्री, प्रभारी मंत्री, सांसद, समस्त विधायक, जिला एवं जनपद पंचायत के प्रतिनिधि तथा आदिवासी समुदाय के प्रमुख प्रतिनिधि रहेंगे। इस दौरान जन सेवा अभियान के कुछ हितग्राहियों को हितलाभ वितरण भी होगा।

WhatsApp Image 2022 11 16 at 8.59.35 PM
पेसा जागरूकता हेतु रैली के माध्यम से आस पास के ग्राम के नागरिक कार्यक्रम में पहुचेंगे। पेसा जागरूकता हेतु एक प्रदर्शनी गैलरी कार्यक्रम स्थल पर बनाई गई है। आदिवासी समुदाय के प्रमुख व्यक्तियों द्वारा पेसा लागू करने हेतु धन्यवाद पत्र मुख्यमंत्री को भेंट किया जाएगा। आदिवासी कलाकारों द्वारा पैसा लागू होने पर आभार अभिव्यति हेतु स्थानीय नृत्य का मंचन किया जायेगा।पेसा लागू होने पर आदिवासी नृत्य व गीतों का मंचन करेंगे।मुख्यमंत्री के उद्बोधन के पूर्व प्रभारी मंत्री, सांसद, विधायक के उद्बोधन भी होंगे।