

IAS Officers from MP Gets Key Post in GoI: केंद्र में पहली बार MP के 10 IAS अधिकारी सचिव पद पर तैनात
सुरेश तिवारी की खास प्रशासनिक रिपोर्ट
केंद्र सरकार के प्रशासनिक गलियारों में MP का रुतबा बढ़ा है। भारतीय प्रशासनिक सेवा में 1994 बैच के 3 अधिकारियों को आज सचिव पद पर पदस्थ किया गया है। इन 3 अधिकारियों सहित अब मध्य प्रदेश कैडर के कुल 10 अधिकारी केंद्र सरकार में विभिन्न मंत्रालय और विभागों में तैनात हो गए हैं। संभवतः यह पहली बार हो रहा है जब केंद्र सरकार में इतनी बड़ी संख्या में मध्य प्रदेश कैडर के IAS अधिकारी सचिव पद पर पदस्थ किए गए हैं।
केंद्र सरकार द्वारा आज जारी IAS अधिकारियों के फेरबदल में मध्य प्रदेश कैडर के 1991 बैच के अधिकारी मनोज गोविल को वित्त मंत्रालय में व्यय विभाग से हटाकर कैबिनेट सचिवालय में सचिव (समन्वय) बनाया गया है।
केंद्र सरकार में अति महत्वपूर्ण मंत्रालय है ऊर्जा, इस मंत्रालय में मध्य प्रदेश कैडर के 1992 बैच के अधिकारी पंकज अग्रवाल पहले से तैनात हैं।
92 बैच के एक और अधिकारी वी एल कांता राव एक और महत्वपूर्ण खनिज मंत्रालय में सचिव पद पर पदस्थ हैं। केंद्र सरकार की दृष्टि से ऊर्जा और खनिज मंत्रालय महत्वपूर्ण माने जाते है। उनकी पत्नी नीलम शमी राव भी1992 बैच की अधिकारी हैं और वे कपड़ा मंत्रालय में सचिव हैं। यह विभाग भी महत्वपूर्ण माना जाता है।
1990 बैच की केंद्र में पदस्थ मध्य प्रदेश कैडर की सबसे वरिष्ठ अधिकारी अलका उपाध्याय केंद्र सरकार में एनिमल हसबेंडरी और डेयरिंग विभाग में सचिव पद पर हैं।
1992 बैच के IAS अधिकारी आशीष श्रीवास्तव को अंतर राज्य परिषद सचिवालय में सचिव नियुक्त किया गया है। यह पद गृह विभाग के अंतर्गत आता है।
1993 बैच की IAS अधिकारी दीप्ति गौड़ मुखर्जी कॉर्पोरेट मंत्रालय में सचिव पद पर पदस्थ हैं। केंद्र सरकार में इस मंत्रालय की भी बड़ी अहमियत है।
DoPT द्वारा आज जारी आदेश में जिन 3 IAS अधिकारियों को सचिव पद पर पदस्थ किया गया है, वे सभी 1994 बैच के हैं। इनमें विवेक अग्रवाल को संस्कृति मंत्रालय का सचिव नियुक्त किया गया है। पल्लवी जैन गोविल को युवा मामले और हरिरंजन राव को खेल विभाग में ओएसडी बनाया गया है। माना जा रहा है कि वे 1 जुलाई को खेल मंत्रालय के सचिव नियुक्त हो जाएंगे जब सुजाता चतुर्वेदी रिटायर होगी।
हम यह कह सकते हैं कि मध्य प्रदेश कैडर के IAS अधिकारी कैबिनेट सचिवालय के साथ ही कई महत्वपूर्ण मंत्रालयों और विभागों में पदस्थ किए गए हैं। जहां एक और ऊर्जा, खनिज और कपड़ा जैसे महत्वपूर्ण मंत्रालय की जिम्मेदारी मध्य प्रदेश कैडर के IAS अधिकारियों के पास हैं वहीं संस्कृति,युवा मामले और खेल मंत्रालय की जिम्मेदारी भी अब मध्य प्रदेश कैडर के अधिकारियों को सौंपी गई है।
मध्य प्रदेश कैडर के IAS अधिकारी इतनी ज्यादा तादात में केंद्र मे सचिव हो गए हैं,इससे एक बात तो स्पष्ट है कि भारत सरकार का भरोसा हमारे राज्य के IAS अधिकारियों पर बढ़ा है। इसका बड़ा फायदा मध्य प्रदेश सरकार और यहां के लोगों को मिलेगा, इसमें कोई संदेह नहीं है।