

2023 बैच के IAS अधिकारियों ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात की
नई दिल्ली: भारतीय प्रशासनिक सेवा में 2023 बैच के IAS अधिकारियों ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात की।
वर्तमान में विभिन्न केंद्रीय मंत्रालयों और विभागों में सहायक सचिव के रूप में कार्यरत 2023 बैच के IAS अधिकारियों के एक समूह ने राष्ट्रपति भवन सांस्कृतिक केंद्र में भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात की।
युवा अधिकारियों को संबोधित करते हुए राष्ट्रपति ने भारतीय प्रशासनिक सेवा में शामिल होने के लिए उनकी कड़ी मेहनत और दृढ़ संकल्प की सराहना की और इसे उनके जीवन में एक परिवर्तनकारी मील का पत्थर बताया। उन्होंने उनसे आग्रह किया कि वे अपने लोगों के जीवन में सार्थक बदलाव लाने के लिए उसी समर्पण को अपनाएं।
उन्होंने कहा, “आपके पास अनगिनत लोगों के जीवन पर सकारात्मक प्रभाव डालने का अवसर है, यहां तक की अपनी पहली पोस्टिंग में भी।”
सिविल सेवकों की जिम्मेदारियों पर प्रकाश डालते हुए राष्ट्रपति मुर्मू ने कहा कि उनके कर्तव्यों को जिम्मेदारियों के रूप में देखा जाना चाहिए और उनके अधिकारों को उन्हें पूरा करने के साधन के रूप में देखा जाना चाहिए। उन्होंने सोशल मीडिया के माध्यम से लोकप्रियता हासिल करने के खिलाफ चेतावनी देते हुए कहा, “आपके असली करियर की कहानी आपके काम से लिखी जाएगी, न कि आपके फॉलोअर्स की संख्या से। आपकी असली सामाजिक संपत्ति आपके द्वारा किए गए अच्छे कामों से निर्धारित होगी।”
सार्वजनिक सेवा में मूल्यों के महत्व को रेखांकित करते हुए, उन्होंने कहा कि ईमानदारी, सच्चाई और सादगी एक संतुष्टिदायक और प्रभावशाली करियर की आधारशिला हैं। उन्होंने अधिकारियों से ईमानदारी और संवेदनशीलता का उदाहरण पेश करने का आग्रह करते हुए कहा, “सार्वजनिक सेवा में ईमानदारी सबसे वांछनीय नीति है।”
डिजिटल युग में बढ़ती जन जागरूकता और बढ़ती आकांक्षाओं के मद्देनजर राष्ट्रपति ने अधिकारियों को नागरिकों से जुड़े रहने, सामुदायिक भागीदारी को प्रोत्साहित करने और निर्वाचित प्रतिनिधियों द्वारा उठाए गए जनहित संबंधी मुद्दों को सही प्रकार से हल करने करने की सलाह दी। उन्होंने यह कहते हुए समापन किया कि जमीनी स्तर पर उनका काम सीधे राष्ट्रीय प्रगति और जन कल्याण में योगदान देगा।