2013 बैच के IFS अधिकारी विपिन पटेल का इस्तीफा: कारण निजी बताया

48
IFS Transfer List

2013 बैच के IFS अधिकारी विपिन पटेल का इस्तीफा: कारण निजी बताया

BHOPAL:भारतीय वन सेवा के 2013 बैच के अधिकारी विपिन कुमार पटेल ने भारतीय वन सेवा से त्यागपत्र दे दिया है। उन्होंने 04 फरवरी 2026 को प्रधान मुख्य वन संरक्षक एवं वन बल प्रमुख, मध्य प्रदेश, भोपाल को संबोधित करते हुए अपना अप्रतिबंधित त्यागपत्र प्रस्तुत किया है। त्यागपत्र की प्रति सामने आने के बाद वन विभाग और प्रशासनिक हलकों में हलचल तेज हो गई है।

WhatsApp Image 2026 02 05 at 13.27.40

त्यागपत्र में सेवा छोड़ने का कारण स्पष्ट रूप से “निजी कारण” दर्ज किया गया है। पत्र में किसी भी प्रकार की प्रशासनिक प्रताड़ना, एनओसी विवाद या वेतन संबंधी शिकायत का उल्लेख नहीं किया गया है। अधिकारी ने अपने पत्र में अनुरोध किया है कि त्यागपत्र को सक्षम प्राधिकारी को अग्रेषित कर उन्हें शीघ्र भारतीय वन सेवा से मुक्त किया जाए।

विपिन कुमार पटेल मध्य प्रदेश कैडर के IFS अधिकारी हैं। वर्तमान में वे प्लान जबलपुर में कार्यवाहक वन अधिकारी के पद पर पदस्थ थे। इससे पूर्व वे रीवा, सटना और अनुप्पुर सहित विभिन्न वन मंडलों में सेवाएं दे चुके हैं। त्यागपत्र की प्रति सचिव, वन, मध्य प्रदेश सरकार को भी प्रेषित की गई है।

हालांकि, त्यागपत्र में कारण निजी बताया गया है, लेकिन विभागीय और प्रशासनिक हलकों में उनके इस्तीफे को लेकर अन्य कारणों पर भी चर्चा चल रही है। सूत्रों के अनुसार विनियर मशीन लगाने के लिए एनओसी को लेकर मतभेद, फाइलों के लंबित रहने और वेतन से जुड़े मुद्दों को लेकर असंतोष की बातें सामने आ रही हैं। हालांकि इन बिंदुओं का उल्लेख त्यागपत्र में नहीं है और न ही इस संबंध में कोई आधिकारिक पुष्टि की गई है।

एक वरिष्ठ IFS अधिकारी का इस तरह सेवा से अलग होना प्रशासनिक व्यवस्था और कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करता है। फिलहाल सरकार या वन विभाग की ओर से इस त्यागपत्र पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया जारी नहीं की गई है, लेकिन मामला उच्च स्तर तक पहुंच चुका माना जा रहा है।