Import from Pakistan Stopped : पाकिस्तान से आयातित सामान संभलकर उपयोग करें, आयात पर बैन लगा! 

अभी तीसरे देश के जरिए, जो सामान आ रहा, भारत उस पर भी रोक लगाएगा!

424

Import from Pakistan Stopped : पाकिस्तान से आयातित सामान संभलकर उपयोग करें, आयात पर बैन लगा! 

New Delhi : पाकिस्तान से आयातित या निर्यातित सभी वस्तुओं के प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष आयात पर भारत सरकार ने तत्काल प्रभाव से प्रतिबंध लगा दिया। वाणिज्य मंत्रालय की अधिसूचना के मुताबिक, पाकिस्तान में बने या पाकिस्तान द्वारा निर्यातित सभी वस्तुओं का प्रत्यक्ष या परोक्ष आयात अथवा पारगमन, चाहे स्वतंत्र रूप से आयात योग्य हो या अन्यथा अनुमति प्राप्त हो, तत्काल प्रभाव से अगले आदेश तक प्रतिबंधित किया जाता है। प्रतिबंध लगने से पहले भारत, पाकिस्तान से क्या-क्या सामान मंगवाता था।

भारत और पाकिस्तान के बीच यूं तो ट्रेड टेंशन लंबे समय से बनी है। दोनों देशों के बीच व्यापार संबंध साल 2019 से निलंबित हैं। पांच अगस्त 2019 को भारत सरकार ने जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 को खत्म कर दिया। भारत के इस फैसले से पाकिस्तान की भावनाएं बुरी तरह से आहत हुई। इसके बाद उसने भारत से होने वाले इंपोर्ट पर प्रतिबंध लगा दिया था। वहीं पुलवामा हमले के बाद भारत ने पाकिस्तानी आयात पर 200 फीसदी का टैक्स लगाते हुए पाकिस्तान का मोस्ट फेवर्ड नेशन (एमएफएन) दर्जा भी रद्द कर दिया।

बैन लगने से पहले पाकिस्तान से करीब एक दर्जन चीजें भारत आती थी। क्योंकि, भारतीय घर-घर में उन सामानों की जरूरत पड़ती है। हालांकि 2019 के बाद पाकिस्तान से आने वाले सामान की मात्रा में काफी कमी आई। लेकिन, अब सरकार ने टोटल बैन लगा दिया। पाकिस्तानी वस्तुओं के सभी व्यापार और पारगमन को रोककर, सरकार ने राष्ट्रीय संप्रभुता और सुरक्षा की रक्षा के लिए अपनी दृढ़ प्रतिबद्धता का प्रदर्शन किया है।

कॉन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) ने शनिवार को सरकार के पाकिस्तान से आयातित या निर्यातित सभी वस्तुओं के प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष आयात पर तत्काल प्रभाव से प्रतिबंध लगाने के कदम को साहसिक और निर्णायक बताते हुए इसका स्वागत किया है.

 

तीसरे देश के जरिए भारत भेजे जा रहे

एक अधिकारी ने आशंका जताई है कि पाकिस्तान से 50 करोड़ डॉलर मूल्य के सूखे मेवे और रसायन जैसे सामान संयुक्त अरब अमीरात (यूएई), सिंगापुर, इंडोनेशिया और श्रीलंका जैसे तीसरे देशों के माध्यम से भारत आ रहे हैं। कहा जा रहा है कि पाकिस्तान से 50 करोड़ डॉलर के निर्यात का एक बड़ा हिस्सा, जो पहले सीधे भारत को निर्यात किया जाता था, अब अन्य देशों के माध्यम से भेजा जा रहा है।

 

कई सामग्री की दोबारा पैकिंग

पाकिस्तान से फल, सूखे खजूर, चमड़ा और वस्त्र भारत को निर्यात करने के लिए यूएई में उनकी दोबारा पैकिंग की जाती है और लेबल लगाए जाते हैं। वहीं रसायनों को सिंगापुर के माध्यम से भेजे जाने की आशंका है। इसी तरह, इंडोनेशिया को पाकिस्तानी सीमेंट, सोडा ऐश और कपड़ा कच्चे माल के लिए पारगमन मार्ग के रूप में इस्तेमाल किया जा रहा है। संभावना है कि श्रीलंका से पाकिस्तानी सूखे मेवे, नमक और चमड़े के सामान भारत भेजे जा रहे होंगे।

अधिकारी ने कहा कि चूंकि इस बात की आशंका है कि भारत को 50 करोड़ डॉलर का कुछ निर्यात अन्य देशों के माध्यम से हो रहा है, इसलिए पाकिस्तान से भारत को होने वाले निर्यात (प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष) पर पूर्ण प्रतिबंध लगाना तथा उन वस्तुओं की पहचान और निगरानी करना आवश्यक है, जो मूल देश के नाम पर हेराफेरी करके आ रही हैं।