ठाकरे जन्म शताब्दी वर्ष में BJP का 11 फीसदी वोट शेयर बढ़ाने का संकल्प…

मध्यप्रदेश में भाजपा-जनसंघ की जड़ें मजबूत करने वाले स्वर्गीय कुशाभाऊ ठाकरे का जन्म शताब्दी वर्ष है। मध्यप्रदेश भाजपा 11 फीसदी वोट शेयर बढ़ाने के लक्ष्य पर आगे बढ़ रही है। तो हर जिला कार्यालय को तकनीकी फ्रेंडली बनाकर इक्कीसवीं सदी के अनुरूप तैयारी की जा रही है। आज स्वर्गीय ठाकरे की पुण्यतिथि है।
सादगी की प्रतिमूर्ति और साइकिल से चलकर मध्यप्रदेश में भाजपा कार्यकर्ताओं की फौज तैयार करने वाले ठाकरे आज की पूरी तरह से बदली हुई पार्टी और सक्षम कार्यकर्ताओं को देखकर जरूर खुश हो रहे होंगे। 40 फीसदी से ज्यादा वोट हासिल करने वाली भाजपा को 11 फीसदी वोट शेयर बढ़ाने में सफलता मिली, तो पार्टी 51 फीसदी या ज्यादा मत हासिल कर वास्तव में पूर्ण बहुमत की सरकार बनाकर इतिहास रचेगी।
अभी तक लोकतंत्र की खामी में यह उलाहना अक्सर दिया जाता है कि वास्तव में सरकार बनाने वाले दलों को 50 फीसदी या ज्यादा मतदाताओं का समर्थन नहीं मिलता है। ऐसे में लोकतंत्र अपनी मूल भावना के अनुरूप चरितार्थ नहीं हो पाता। ऐसे में ठाकरे जन्मशताब्दी वर्ष में भाजपा यह लक्ष्य तय कर वास्तव में उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि अर्पित कर रही है। जमीनी धरातल पर यह संकल्प कितना खरा उतरता है, यह वक्त ही बताएगा। वैसे वर्ष 2023 के मध्यप्रदेश में होने वाले विधानसभा चुनाव में स्थिति का पूरा आकलन होना तय है।
वैसे भाजपा में बैठकों का दौर जारी है। 15 माह के निर्वासन के बाद सत्ता में लौटी भाजपा की सरकार प्रदेश भाजपा अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा को शुभंकर मानती है, क्योंकि उनके अध्यक्ष बनने के बाद ही कांग्रेस सरकार गिरी थी और भाजपा सरकार और मुखिया शिवराज बने थे। विष्णुदत्त शर्मा का कहना है कि जनवरी में 8 तारीख से लेकर 14 तारीख तक स्वस्थ बालक बालिका स्पर्धा का प्रधानमंत्री ने जो आह्वान किया है ।
इसमें प्रत्येक आंगनबाड़ी में, प्रत्येक बूथ पर स्वस्थ बालक बालिका स्पर्धा में हर कार्यकर्ता महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। जो देश के अंदर बालक- बालिका जो लगभग 13 करोड में से 6 करोड़ रजिस्टर्ड नहीं है। इसमें बीजेपी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। उनका मानना है कि सारे मुद्दों पर भी जमीन पर जाना है। कार्यकर्ता उन बालकों को पोषण अभियान में रजिस्टर्ड करवाएं। सभी प्रमुख जिला समितियों की सामूहिक और अलग-अलग बैठक में भारतीय जनता पार्टी संगठन और सरकार के कार्यों का इंप्लीमेंट ठीक से हो, मॉनिटरिंग ठीक से हो…इस पर भारतीय जनता पार्टी के सभी प्रमुख कार्यकर्ताओं ने चर्चा की।
स्वर्गीय ठाकरे के विचारों को सींचा जा रहा है, ताकि विचार पल्लवित होते रहें। इस वर्ष संगठन पर्व भी है, ठाकरे जी की जन्म शताब्दी वर्ष में मंडल का प्रशिक्षण अभियान चला है। प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा का दावा है कि पूरे मध्यप्रदेश में जिले, मंडल प्रशिक्षण में सभी कार्यकर्ताओं ने बेहतर काम किया है।
आगामी समय में संगठन पर्व के वर्ष पर मंडल का कार्य विस्तार संगठन के कार्य विस्तार और सुदृढ़ीकरण में प्रबंध समितियां महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। विस्तारक योजना में मंडल विस्तारक भी जाएंगे। इसके बाद प्रत्येक ग्राम- नगर केंद्र पर विस्तारक के साथ अपने बूथ के डिजिटिलाइजेशन और बूथ के वेरिफिकेशन के साथ अन्य प्रकार के काम होंगे।जिनकी अपेक्षा भारतीय जनता पार्टी के नेतृत्व ने की है।
भाजपा संगठन का दावा है कि आज के समय के मुताबिक जिन बातों की जरूरत है, राज्य और केंद्र सरकार की योजनाएं नीचे तक उतारने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका हमारी विस्तारक योजना के माध्यम से पूरी होगी। तो विष्णुदत्त शर्मा का फोकस है कि जिले के कार्यालय आज के समय के अनुरूप अपडेट हों। तकनीक से और ज्यादा आज के अनुरूप अपडेट होंगे। हमारा संगठन मजबूत हों, इस पर सामूहिक बैठक में चर्चा हुई। 11% वोट शेयर बढ़ाने पर भी गंभीरता से चर्चा हुई है।
यह गंभीरता जब फलीभूत होगी, तब ही शायद ठाकरे जी सबसे ज्यादा खुश होंगे। वैसे दावों को हकीकत में बदलने में वक्त, समर्पण और त्याग की अहम भुमिका होती है तो भाजपा का वर्तमान संगठन उम्मीदों पर खरा उतरने की कसौटी पर है…देखना यह है कि कितना खरा साबित हो पाता है।
Author profile
khusal kishore chturvedi
कौशल किशोर चतुर्वेदी

कौशल किशोर चतुर्वेदी मध्यप्रदेश के जाने-माने पत्रकार हैं। इलेक्ट्रानिक और प्रिंट मीडिया में लंबा अनुभव है। फिलहाल भोपाल और इंदौर से प्रकाशित दैनिक समाचार पत्र एलएन स्टार में कार्यकारी संपादक हैं। इससे पहले एसीएन भारत न्यूज चैनल के स्टेट हेड रहे हैं।

इससे पहले स्वराज एक्सप्रेस (नेशनल चैनल) में विशेष संवाददाता, ईटीवी में संवाददाता,न्यूज 360 में पॉलिटिकल एडीटर, पत्रिका में राजनैतिक संवाददाता, दैनिक भास्कर में प्रशासनिक संवाददाता, दैनिक जागरण में संवाददाता, लोकमत समाचार में इंदौर ब्यूरो चीफ, एलएन स्टार में विशेष संवाददाता के बतौर कार्य कर चुके हैं। इनके अलावा भी नई दुनिया, नवभारत, चौथा संसार सहित विभिन्न समाचार पत्रों-पत्रिकाओं में स्वतंत्र लेखन किया है।