India-Newzealand Match : MPCA ने निगम से पूछा ‘कोई बकाया हो तो पहले बता दें!’

मैच से पहले MPCA अध्यक्ष ने निगम को चिट्‌ठी लिखकर अपनी स्थिति साफ़ की!    

470

Indore : अक्टूबर में इंदौर में हुए टी-20 मैच के पहले नगर निगम ने टैक्स वसूली के लिए छापामार कार्रवाई की थी। इस बार ऐसी स्थिति न बने इसलिए MPCA (मध्यप्रदेश क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड) देख भाल कर कदम रख रहा है। MPCA ने निगम अफसरों को मैच से पहले पत्र लिखकर पूछा है कि हमारे ऊपर कोई बकाया हो, तो पहले ही बता दें!’

MPCA अध्यक्ष अभिलाष खांडेकर ने भविष्य की किसी अप्रिय घटना से बचने के लिए नगर निगम से जानकारी मांगी है। 24 जनवरी को इंडिया-न्यूजीलैंड के बीच वन-डे मैच होने जा रहा है। इससे पहले 2017 में वन-डे मैच खेला गया था। इंडिया टीम ने हैदराबाद और रायपुर में मैच जीतने के बाद सीरीज अपने नाम कर ली। लेकिन, इंदौर में होने वाले वन-डे मैच को लेकर दर्शकों में भारी उत्साह है। इंदौर के खिलाड़ी रजत पाटीदार के इस मैच में खेले जाने की संभावना भी उत्साह का कारण है।

कब, क्यों हुआ विवाद

इससे पहले पिछले साल 4 अक्टबूर को इंदौर में इंडिया-दक्षिण अफ्रीका के बीच टी-20 मैच खेला गया। लेकिन, एक दिन पहले (3 अक्टूबर) को नगर निगम ने MPCA के दफ्तर में छापामार कार्रवाई की थी। निगम का कहना था कि MPCA ने नियम के मुताबिक, नगर निगम का टैक्स जमा नहीं किया। ये कार्रवाई बकाया टैक्स वसूली के लिए ही की गई थी। इसके बाद काफी विवाद हुआ और एमपीसीए को बकाया टैक्स भरना पड़ा था।

इस बार MPCA ने नगर निगम को खुद ही चिट्ठी लिखकर पूछ लिया कि कोई बकाया हो, तो बता दें। उनका कहना है कि हम किसी से झगड़ा नहीं चाहते हैं, लेकिन हम ये भी नहीं चाहते कि कोई भी व्यक्ति, कोई भी संस्था मध्यप्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (MPCA) जैसी संस्था के साथ में अन्यायपूर्ण या भेदभाव पूर्ण बर्ताव करें। MPCA ने मैच होने से पहले ही नगर निगम को एक पत्र लिखा है।

निगम की छापामार कार्रवाई

उन्होंने कहा कि 3 अक्टूबर को नगर निगम ने MPCA के दफ्तर पर छापा मारा था। नगर निगम ने यह बताने की कोशिश की थी, कि हमने कोई टैक्स जमा नहीं किया। कार्रवाई के बाद नगर निगम ने हमें टैक्स जमा करने के लिए 31 दिसम्बर तक का समय दिया। हालांकि MPCA पर कोई भी टैक्स बकाया नहीं था। इसलिए इस बार MPCA ने पहले ही नगर निगम को पत्र लिखकर पूछ लिया। हमने पूछा है कि कोई टैक्स बकाया हो तो हमें पहले ही बता दें। ताकि किसी भी अप्रिय घटना को टाला जा सके।

व्यवस्था के पूरे इंतजाम

क्रिकेट मैच आयोजन से पहले रखी गई बैठक में कलेक्टर, मेयर, पुलिस कमिश्नर सभी ने हिस्सा लिया था। उन्होंने कहा था कि जो भी आपको सहयोग चाहिए, उसमें हम आपकी मदद करेंगे। निश्चित रूप से ये मैच उनके लिए और हम सभी के लिए महत्वपूर्ण रहता है। किसी भी तरह की कोई बदइंतजामी न हो, इसके लिए सारी सरकारी एजेंसी से मदद और कोऑर्डिनेट होता है। इस बार नहीं लगता है कि कोई छापामारी या कोई अप्रिय घटना की आशंका है। MPCA अध्यक्ष ने कहा कि महापौर ने भी हमें भरोसा दिलाया। मध्यप्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (MPCA) एक बहुत ही प्रोफेशनली रन ऑर्गनाइजेशन है। हम ऐसा कोई काम नहीं करते हैं। हम प्रॉफिट मैकिंग नहीं हैं। हम क्रिकेट के लिए काम करते हैं, जो भी पैसा हमें BCCI से मिलता है या अन्य सोर्स से जो हमें आय होती है वह हम क्रिकेट डेवलपमेंट पर ही लगाते हैं।