Indore Gaurav Divas : अहिल्या बाई का जन्मदिन और ‘इंदौर गौरव दिवस’ उत्साह से मना!

प्रसिद्ध गायिका सुनिधि चौहान के सुमधुर गीतों की प्रस्तुति!

516

Indore Gaurav Divas : अहिल्या बाई का जन्मदिन और ‘इंदौर गौरव दिवस’ उत्साह से मना!

Indore : लोकमाता अहिल्याबाई का जन्मदिवस इंदौर में पूर्ण श्रद्धा और आस्था के साथ गौरव दिवस के रूप में मनाया गया। गौरव दिवस का मुख्य कार्यक्रम मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान के मुख्य आतिथ्य में स्थानीय नेहरू स्टेडियम के विशाल मैदान में भव्य रूप से आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में नागरिकों ने पूर्ण उत्साह और उल्लास के साथ भाग लिया। समारोह में विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुतियों के साथ ही अन्य कार्यक्रम भी हुए। सुप्रसिद्ध गायिका सुनिधि चौहान के सुमधुर गीतों की प्रस्तुतियां भी समारोह के दौरान हुई।
कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि मध्यप्रदेश देश का दिल है। इंदौर मध्यप्रदेश की धड़कन है। इंदौर का विकास हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। इंदौर के विकास में कोई कोर कसर नहीं रखी जा रही है। यहां तेजी से हर क्षेत्र में विकास हो रहा है। उन्होंने कहा कि इंदौर सोलर सिटी बने, इस दिशा में सभी मिलकर प्रयास करें। उन्होंने सोलर सिटी बनाए जाने के लिए नागरिकों को संकल्प भी दिलवाया। उन्होंने कहा कि इंदौर में अहिल्या लोक भी बनाया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि दुष्टों का दमन एवं सज्जनों का उद्धार राजधर्म है। उन्होंने निर्देश दिए कि इंदौर में अपराधियों के विरूद्ध गंभीर प्रयास करते हुए कड़ी कार्यवाही की जाए।
उन्होंने सचेत करते हुए कहा कि इंदौर स्वच्छता में इस बार भी पूरे देश में अव्वल आए, इसके लिए और अधिक गंभीर प्रयासों की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि देश के अनेक शहर स्वच्छता में अव्वल जाने के लिए गंभीरता से जुटे हुए हैं। इंदौरियों को चेताते हुए कहा कि यह ध्यान रखें कि कहीं चूक नहीं हो जाये। सब सावधान रहें। सब मिलकर इंदौर को पुन: अव्वल जाने के लिए पुरजोर प्रयास करें। स्वच्छता इंदौर की पहचान और ब्रांड है। इसे हर हाल में कायम रखा जाए। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने इंदौर नगर निगम द्वारा बनाए जाने वाले उमंग पार्क के कार्यों का शुभारंभ किया। उन्होंने सोलर सिटी के संकल्प पत्र का विमोचन किया। वृक्ष एम्बुलेंस का लोकार्पण किया। मुख्यमंत्री ने इंदौर विकास प्राधिकरण द्वारा स्टार्टअप के सहयोग के लिये बनाये गये इन्क्यूबेशन सेंटर का शुभारंभ भी किया।

IMG 20230601 WA0015

कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए पूर्व मंत्री श्री कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि इंदौर का गौरव दिवस मनाकर हम सब गौरवान्वित हो रहे हैं। उन्होंने नागरिकों को इंदौर के गौरव दिवस की शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि इंदौर संस्कार एवं संस्कृति का शहर है। इस शहर में नशे की विकृति को समाप्त किए जाने की जरूरत है।

IMG 20230601 WA0016

नेहरू स्टेडियम में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में म्यूजिकल बैण्ड तथा कृष्ण लीला की प्रस्तुति दी गई। समारोह में 50 लोगों के समूह द्वारा डमरू और शंखनाद से शिव महिमा की आकर्षक कार्यक्रम प्रस्तुत किया गया। रागिनी मक्खर और बाल कलाकारों द्वारा देवी अहिल्याबाई होल्कर के जीवन पर आधारित प्रस्तुति दी गई। लाइट एंड साउंड शो का कार्यक्रम भी प्रस्तुत किया गया। गौरव दिवस के उपलक्ष्य में भव्य आतिशबाजी भी की गई।

समारोह में पर्यावरण एवं जल संरक्षण के क्षेत्र में सुरेश चन्द्र एमजी, खेलकूद के क्षेत्र में अमी कमानी, कला के क्षेत्र में मंजूषा राजस जौहरी, स्टार्टअप के क्षेत्र में सावन एस. लड्डा, सूचना प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में प्रवीण कांकरिया, समग्र विकास एवं सामाजिक क्षेत्र में जय काकवानी, शिक्षा के क्षेत्र में संघ लोक सेवा आयोग की परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने पर अनुष्का शर्मा, सामाजिक क्षेत्र में जितेन्द्र वैद्य, मेडिकल के क्षेत्र में डॉ प्रमोद पी नीमा सहित होनहार प्रतिभा अवि शर्मा और पलक शर्मा को इंदौर गौरव से सम्मानित किया गया।