Indore Got Gift of Metro : अहिल्याबाई की 300वीं जन्म जयंती पर इंदौर को मिली मेट्रो की सौगात!

327

Indore Got Gift of Metro : अहिल्याबाई की 300वीं जन्म जयंती पर इंदौर को मिली मेट्रो की सौगात!

परियोजना का कार्यक्रम महिलाओं को समर्पित रहा, देश के आधुनिक नगरों में इंदौर भी शामिल!

Indore : आधुनिकता की नई पटरी पर आज इंदौर ने एक और कदम रखा। आर्थिक और सांस्कृतिक राजधानी अब मेट्रो ट्रेन प्रणाली से जुड़ गई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भोपाल से वर्चुअल माध्यम से इंदौर मेट्रो परियोजना के पहले चरण का उद्घाटन किया। इस मौके पर राज्यपाल श्री मंगू भाई पटेल, मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव भी विशेष रूप से मौजूद थे। लोकमाता देवी अहिल्याबाई की 300वीं जन्म जयंती के पावन अवसर पर इंदौर में शुरू हुए मेट्रो रेल परियोजना का ऐतिहासिक रहा। उत्सव जैसा माहौल रहा, जिसमें नागरिकों विशेष कर महिलाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। यह समारोह महिलाओं पर विशेष रूप से केंद्रित था।

WhatsApp Image 2025 05 31 at 17.06.30

इंदौर में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ उत्सवी वातावरण में हुआ। अतिथि केंद्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू और प्रदेश के मंत्री कैलाश विजयवर्गीय कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे और उन्होंने सर्वप्रथम मां अहिल्याबाई की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया और पुष्पांजलि अर्पित की। इस अवसर पर विधि विधान से गणेश पूजन और अन्य वास्तु पूजन भी किया गया। इस अवसर पर शंख ध्वनि से पूरा वातावरण गुंजायमान हो गया। कार्यक्रम में पारम्परिक वस्त्र पहने महिलाओं ने हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लेकर भारत माता की जय उद्घोष से पूरा वातावरण राष्ट्रभक्ति से ओतप्रोत कर दिया। कार्यक्रम में भोपाल से प्रधानमंत्री के उद्बोधन का प्रसारण भी सीधा दिखाया गया।

समारोह में केंद्रीय शहरी विकास एवं आवास मंत्री तोखन साहू, प्रदेश के नगरीय विकास एवं आवास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, सांसद शंकर लालवानी, महापौर पुष्यमित्र भार्गव, विधायक रमेश मेंदोला, मधु वर्मा, गोलू शुक्ला सहित अन्य जनप्रतिनिधि और मध्य प्रदेश मेट्रो रेल कारपोरेशन के अध्यक्ष जयदीप विशेष रूप से मौजूद थे।

विशेष बात यह रही कि यह परियोजना देवी लोक माता अहिल्याबाई होल्कर की 300वीं जयंती के पावन अवसर पर शुरू की गई और पूरी तरह से महिलाओं को समर्पित रही। इससे न केवल शहर के विकास को एक नई दिशा मिली है, बल्कि यह पहल महिला सशक्तिकरण की दृष्टि से भी एक महत्वपूर्ण है।

इंदौर आधुनिक नगरों की सूची में शामिल

मेट्रो परियोजना के शुभारंभ ने इंदौर को देश के उन आधुनिक नगरों की सूची में शामिल कर दिया है, जहां भविष्य की परिवहन प्रणाली अब हकीकत बन चुकी है। यह परियोजना न केवल यातायात की भीड़ को कम करेगी, बल्कि पर्यावरण संरक्षण की दिशा में भी अहम भूमिका निभाएगी। सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था का इंदौर का इतिहास तांगे, टेम्पो, वेन और मिनी बसों से शुरू होकर अब अत्याधुनिक मेट्रो तक पहुंचा है। यह केवल तकनीकी बदलाव नहीं, बल्कि शहर की समग्र प्रगति का प्रतीक है।

WhatsApp Image 2025 05 31 at 17.07.40

महिलाओं के लिए विशेष सुविधाएं

इस परियोजना को महिलाओं को समर्पित किया गया है। जिसमें मुख्य रूप से प्रत्येक स्टेशन पर महिला सुरक्षा बल (महिला गार्ड) की तैनाती रहेगी। मेट्रो डिब्बों में आरक्षित कोच रहेगा और सीसीटीवी से निगरानी रहेगी। टिकट वितरण और स्टेशन प्रबंधन में महिला कर्मचारियों की विशेष भागीदारी होगी। गर्भवती महिलाओं और बुजुर्ग महिलाओं के लिए विशेष सीट आरक्षण और सहायता सुविधा उपलब्ध रहेगी।

हरित भविष्य की ओर कदम

मेट्रो परियोजना पर्यावरण संरक्षण की दिशा में भी महत्वपूर्ण पहल है। इससे डीजल और पेट्रोल वाहनों की निर्भरता कम होगी और वायु प्रदूषण में उल्लेखनीय गिरावट आएगी। इंदौर, जो पहले से ही स्वच्छता में नंबर एक है, अब हरित परिवहन की दिशा में भी अग्रणी बन रहा है। इंदौर मेट्रो न केवल एक शहरी सुविधा है, बल्कि यह शहर की सांस्कृतिक विरासत, तकनीकी उन्नति और सामाजिक समानता का प्रतीक बनकर उभरी है। प्रधानमंत्री मोदी की नारी शक्ति और नए भारत की कल्पना को अर्थ देने वाली यह परियोजना आने वाले वर्षों में इंदौर को वैश्विक स्मार्ट सिटी की सूची में मजबूती से स्थापित करेगी।

महिलाओं ने किया सफर

मेट्रो रेल का प्रधानमंत्री के उद्घाटन के साथ ही इंदौर में मेट्रो रेल का सफर प्रारंभ हो गया। इस पहले सफर में महिलाओं ने उत्साह के साथ भाग ‍लिया। भारत माता की जय के नारों के साथ मेट्रो रेल में बैठी और उन्होंने सफर किया। महिलाओं ने मेट्रो रेल के साथ सेल्फी भी ली। भजन गाते हुए उन्होंने सफर पूरा किया।