इंदौर स्वच्छता का महागुरु, देश सीख रहा है सफाई का पाठ: केंद्रीय मंत्री मांडविया

46

इंदौर स्वच्छता का महागुरु, देश सीख रहा है सफाई का पाठ: केंद्रीय मंत्री मांडविया

इंदौर। स्वच्छता के क्षेत्र में इंदौर ने जो उपलब्धि हासिल की है, वह अब राष्ट्रीय मॉडल बन चुकी है। इंदौर स्वच्छता का महागुरु है, जिससे देश के अन्य शहर स्वच्छता का पाठ सीख रहे हैं। यह बात केंद्रीय श्रम, रोजगार एवं खेल तथा युवा मामलों के मंत्री श्री मनसुख मांडविया ने कही।

वे स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 के अंतर्गत “बढ़ा हाथ—करें सफाई साथ” अभियान के तहत रवींद्र नाट्यगृह में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर स्वच्छता गीत 2025-26 और स्वच्छ वार्ड रैंकिंग का लोकार्पण किया गया, साथ ही इंदौर के स्वच्छता अभियान में उत्कृष्ट योगदान देने वाले स्वच्छता चैम्पियनों और 22 ज़ोन के श्रेष्ठ सफाई मित्रों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के दौरान उपस्थितजनों को स्वच्छता की शपथ भी दिलाई गई।

केंद्रीय मंत्री मांडविया ने कहा कि इंदौर ने महात्मा गांधी के स्वच्छता के विचारों को ज़मीनी स्तर पर साकार कर दिखाया है और प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के स्वच्छ भारत मिशन को जन-आंदोलन में परिवर्तित किया है। उन्होंने कहा कि इंदौर ने स्वच्छता को केवल अभियान नहीं, बल्कि जीवन-संस्कार बनाया है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इंदौर नौवीं बार भी देश का सबसे स्वच्छ शहर बनेगा।

IMG 20260210 WA0267

महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने कहा कि स्वच्छ भारत मिशन की शुरुआत के साथ ही इंदौर ने नागरिकों की सक्रिय भागीदारी से स्वच्छता को अपनी पहचान बनाया। उन्होंने बताया कि पहले स्वच्छ सर्वेक्षण में जहाँ 77 नगरीय निकाय शामिल थे, वहीं आज यह देश का सबसे बड़ा शहरी सर्वेक्षण बन चुका है। इंदौर ने लगातार आठ बार नंबर-वन स्वच्छ शहर बनकर मिसाल कायम की है और अब ग्रीन इंदौर की दिशा में भी तेज़ी से कार्य कर रहा है।

कार्यक्रम में विधायक रमेश मेंदोला, निगम आयुक्त क्षितिज सिंघल, जनप्रतिनिधि, अधिकारी, स्वच्छ भारत मिशन की टीम, बड़ी संख्या में सफाई मित्र और नागरिक उपस्थित रहे।