
Indore News: संभागायुक्त डॉ. सुदाम खाड़े ने विश्व तंबाकू निषेध दिवस हेतु तैयार की गई IEC सामग्री का विमोचन किया
इंदौर: विश्व तंबाकू निषेध दिवस 2026 के अवसर पर इंदौर संभागायुक्त डॉ. सुदाम खाड़े द्वारा विश्व तंबाकू निषेध दिवस (WNTD) हेतु तैयार की गई IEC सामग्री का विमोचन किया गया। इस वर्ष विश्व तंबाकू निषेध दिवस की थीम “निकोटिन और तंबाकू की लत के दुश्चक्र को तोड़ना” रखी गई है।
IEC सामग्री के विमोचन अवसर पर मध्यप्रदेश वॉलेंटरी हेल्थ एसोसिएशन के कार्यकारी निदेशक श्री मुकेश कुमार सिन्हा भी उपस्थित रहे। श्री सिन्हा ने बताया कि विश्व तंबाकू निषेध दिवस (WNTD) हेतु तैयार की गई IEC सामग्री इंदौर संभाग के साथ-साथ राज्य के अन्य जिलों में भी आयोजन एवं जन-जागरूकता कार्यक्रमों में उपयोग हेतु भेजी जा चुकी है।
कार्यक्रम के दौरान संभागायुक्त डॉ. सुदाम खाड़े ने कहा कि युवाओं एवं विद्यालय जाने वाले बच्चों को तंबाकू सेवन के दुष्प्रभावों से बचाने के लिए संभाग में तंबाकू नियंत्रण गतिविधियों को प्रभावी रूप से लागू करना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि तंबाकू नियंत्रण केवल स्वास्थ्य का विषय नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य से जुड़ा महत्वपूर्ण सामाजिक दायित्व है। उन्होंने सभी संबंधित विभागों, शैक्षणिक संस्थानों एवं सामाजिक संगठनों से अपील की कि तंबाकू मुक्त समाज के निर्माण हेतु सामूहिक प्रयास किए जाएँ तथा युवाओं को तंबाकू के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया जाए।





