

Indore Wetland City : इंदौर और उदयपुर को ‘वेटलैंड सिटी’ के रूप में मान्यता, दुनिया के चुनिंदा 31 शहरों में शामिल!
New Delhi : इंदौर और उदयपुर दुनिया के चुनिंदा 31 वेटलैंड सिटीज में शामिल हो गए। इन दोनों शहरों को जलस्त्रोतों के साथ पर्यावरण संरक्षण की कोशिशों को भी मान्यता मिली। यूनेस्को के रामसर सम्मेलन में इन्हें वेटलैंड सिटी के रूप में अंतरराष्ट्रीय मान्यता और दर्जा प्रदान किया गया। केंद्रीय वन एवं पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव ने इस ऐतिहासिक उपलब्धि की घोषणा की। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भी दोनों शहरों की इस उपलब्धि पर हर्ष जताया है।
सात बार देश के सबसे स्वच्छ शहर के रूप में चयनित इंदौर को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ‘वेटलैंड सिटी’ के रूप में मान्यता मिली है। इससे यहां के दो महत्वपूर्ण तालाब सिरपुर और यशवंत सागर को रामसर साइट घोषित किया गया। इसका आशय यह कि अब ये तालाब अंतरराष्ट्रीय संरक्षण के दायरे में आ गए। इन तालाबों को उनके प्राकृतिक स्वरूप में विकसित किया जाएगा और उनकी देखभाल में सावधानी बरती जाएगी।
यूनेस्को ने 2015 में रामसर कन्वेंसन की 12वीं कांफ्रेंस आफ पार्टीज में वेटलैंड सिटी की मान्यता के कार्यक्रम की शुरुआत की थी। इसका मकसद उन शहरों को सम्मान और स्वीकार्यता देने की है, जो अपनी नम भूमि और प्राकृतिक जलस्त्रोतों के साथ जुड़े संवेदनशील पारिस्थितिकी तंत्र के संरक्षण के लिए गंभीर हैं और सकारात्मक प्रयास कर रहे हैं।
इंदौर ने इस दिशा में अपने दो तालाबों सिरपुर और यशवंत सागर को रामसर साइट घोषित किया था। इन तालाबों के संरक्षण के साथ उसके आसपास की खाली और नमी वाली भूमि को भी संरक्षित करने की दिशा में कई कदम उठाए थे। दोनों तालाबों के आसपास के अतिक्रमण और कब्जे हटाने के साथ ही इस तरह विकास कार्य किया गया कि इन तालाबों की जमीन, जल के साथ उससे जुड़े जीव-जंतु भी सुरक्षित रह सकें।
क्या होता है वेटलैंड सिटी
वेटलैंड सिटी यानी वह शहर जो आर्द्रभूमि के नज़दीक हो या उस पर निर्भर हो। वेटलैंड का मतलब है, आर्द्रभूमि या दलदली भूमि। वेटलैंड सिटी मान्यता योजना के तहत, उन शहरों को मान्यता दी जाती है, जो अपनी आर्द्रभूमि को महत्व देते हैं। आर्द्रभूमि वह जगह होती है जहां ज़मीन पानी से ढकी रहती है। यह पानी नमकीन, ताज़ा या दोनों तरह का हो सकता है। आर्द्रभूमि में जलीय पौधे काफ़ी मात्रा में पाए जाते हैं। आर्द्रभूमि जैव-विविधता के लिए बहुत अहम होती हैं। यह भूमि गंदे पानी को साफ़ पानी में बदलती हैं। साथ ही बाढ़ से बचने में मदद करती हैं। आर्द्रभूमि इकोसिस्टम के लिए भी बहुत अहम होती हैं।