बस यात्रियों के बैग से चोरी करने वाला अंतरराज्यीय गिरोह बेनकाब: 5 आरोपी गिरफ्तार, 20 लाख का माल बरामद

54

बस यात्रियों के बैग से चोरी करने वाला अंतरराज्यीय गिरोह बेनकाब: 5 आरोपी गिरफ्तार, 20 लाख का माल बरामद

₹10 हजार के इनामी आरोपियों तक पहुंची पुलिस; मास्टरमाइंड अरबाज फरार, कई संगीन मामलों में रहा है शामिल

छतरपुर: छतरपुर कोतवाली थाना पुलिस ने बसों में सफर कर रहे यात्रियों के बैग से चोरी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से करीब 20 लाख रुपए कीमत के सोने-चांदी के जेवरात बरामद किए हैं। गिरोह का मास्टरमाइंड अरबाज फिलहाल फरार है, जिसकी तलाश जारी है।

मामला उस समय सामने आया था जब बस स्टैंड से सफर कर रहे हरपालपुर निवासी प्रिंस गुप्ता की पत्नी के बैग और भोपाल के अवधपुरी निवासी नीलम वर्मा के ट्रॉली बैग से चोरी की घटनाएं हुई थीं। दोनों मामलों में कोतवाली थाना में भारतीय न्याय संहिता के तहत अलग-अलग प्रकरण दर्ज किए गए थे।

WhatsApp Image 2026 04 28 at 17.38.04

पुलिस अधीक्षक अगम जैन ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए ₹10 हजार के इनाम की घोषणा कर विशेष टीम गठित की थी। लगातार मॉनिटरिंग और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने गिरोह की पहचान कर कार्रवाई को अंजाम दिया।
गिरफ्तार आरोपियों में इकबाल अली, छोटू राइन उर्फ इसराइल, समीर राइन, शाहरुख और रुक्साना उर्फ जाहिना बेगम शामिल हैं।

सभी आरोपी उत्तर प्रदेश के जालौन और राजस्थान के अजमेर क्षेत्र के रहने वाले हैं। पूछताछ में सामने आया कि यह गिरोह बस और ट्रेनों में सफर करने वाले यात्रियों को निशाना बनाकर उनके बैग से कीमती सामान पार करता था।
पुलिस ने आरोपियों के पास से 4 मंगलसूत्र, 1 हार, 2 बालियां, नथ, 2 चूड़ियां, 5 जोड़ी चांदी की बिछिया, झुमकी, कंगन, चैन, अंगूठियां, पायल, कमर चैन सहित बड़ी मात्रा में सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए हैं।

WhatsApp Image 2026 04 28 at 17.38.05 1

जांच में यह भी सामने आया कि गिरोह का मास्टरमाइंड अरबाज जालौन का हिस्ट्रीशीटर है, जिस पर हत्या के प्रयास, अवैध हथियार, चोरी, डकैती के प्रयास और आबकारी एक्ट सहित 8 गंभीर मामले दर्ज हैं। वहीं आरोपी समीर पर भी हत्या के प्रयास और अन्य संगीन अपराध दर्ज हैं।

पूरी कार्रवाई अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आदित्य पटले और नगर पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सोनी के मार्गदर्शन में कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक सतीश सिंह और उनकी टीम ने अंजाम दी। पुलिस अब फरार मास्टरमाइंड की तलाश में जुटी हुई है।