
IPS Smiti Choudhary is No More: हरियाणा की जांबाज़ IPS अधिकारी स्मिति चौधरी का 48 साल की उम्र में निधन
नासिक: हरियाणा की जानी-मानी IPS अधिकारी स्मिति चौधरी का शुक्रवार को 48 साल की उम्र में महाराष्ट्र के नासिक में निधन हो गया। वे पिछले कुछ समय से बीमार थीं और इलाज के लिए अपने पति, महाराष्ट्र में IG पद पर तैनात आईपीएस राजेश कुमार के पास गई थीं। तबीयत बिगड़ने पर उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उन्होंने अंतिम सांस ली। उनका अंतिम संस्कार भी वहीं किया गया।
स्मिति मूल रूप से जींद के डूमरखां कलां गांव की रहने वाली थीं और फिलहाल परिवार पंचकूला में रहता है।
स्मिति चौधरी ने 2004 में हरियाणा पुलिस सेवा में डीएसपी के तौर पर करियर शुरू किया और बाद में प्रमोशन पाकर 2012 बैच की IPS बनीं। उन्होंने पंचकूला, लोकायुक्त कार्यालय, स्टेट विजिलेंस ब्यूरो, चरखी दादरी, सीएम फ्लाइंग स्क्वायड, अंबाला आर्म्ड पुलिस बटालियन जैसी अहम पोस्टिंग्स पर काम किया।
2023 में वे अंबाला एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) में एसपी बनीं और कई हाई-प्रोफाइल भ्रष्टाचार मामलों की जांच की। 2025 में उन्हें चयन श्रेणी (सिलेक्शन ग्रेड) में प्रमोट किया गया था।
स्मिति का परिवार प्रशासनिक सेवाओं में काफी मजबूत रहा है—उनकी मां जयवंती श्योकंद भी IAS अधिकारी रही हैं और पति राजेश कुमार महाराष्ट्र में IG हैं। मायके और ससुराल दोनों ओर से उनके परिवार में कई सदस्य IAS, IPS, IRS, सेना, शिक्षा और अन्य उच्च पदों पर रहे हैं। उनके निधन से हरियाणा पुलिस महकमे और प्रशासनिक जगत में गहरा शोक है। साथी अफसरों और वरिष्ठ अधिकारियों ने उन्हें कड़क, निष्पक्ष और ईमानदार अधिकारी बताया, जिनकी कमी हमेशा महसूस की जाएगी।





