कमलनाथ कल आएंगे भोपाल, उपचुनाव को लेकर प्रदेश पदाधिकारियों के साथ करेंगे बैठक, सर्वे पर भी होगी चर्चा

821

भोपाल: खंडवा लोकसभा और तीन विधानसभा के उपचुनाव को लेकर प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष कमलनाथ शनिवार को भोपाल में बड़ी बैठक लेने जा रहे हैं। उन्होंने प्रदेश कांग्रेस के चुनिंदा पदाधिकारियों की महत्वपूर्ण बैठक बुलाई है। इसके साथ ही उपचुनाव वाले क्षेत्रों के प्रभारियों को भी उन्होंने शनिवार को भोपाल बुलाया है।

बताया जाता है कि कमलनाथ शनिवार शाम को यह बैठक लेंगे। इससे पहले वे दिल्ली में आज उम्मीदवारों के चयन को लेकर केंद्रीय नेताओं से चर्चा भी कर सकते हैं। उनके पास इन सभी क्षेत्रों की सर्वे रिपोर्ट पहुंच चुकी है। इस रिपोर्ट के आधार पर वे दावेदारों को लेकर दिल्ली में आज चर्चा करेंगे। ऐसा माना जा रहा है कि शनिवार को ही वे संभावित उम्मीदवारों को उपचुनाव की तैयारियों में जुटने के संकेत दे सकते हैं।

इधर वे भोपाल आने के बाद शाम को प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक लेंगे। बैठक में फिलहाल उपचुनाव को लेकर फोकस रहेगा। जिसमें कांग्रेस की इन क्षेत्रों की स्थिति और सर्वे में आए कांग्रेस के दावेदारों के नाम को लेकर भी चर्चा होगी। इसके अलावा यहां की तैयारियों को लेकर अब तक संगठन की ओर से क्या-क्या किया गया है, इसकी जानकारी भी प्रदेश पदाधिकारियों से कमलनाथ लेंगे।

दो सीट थी कांग्रेस के पास
तीन विधानसभा क्षेत्रों में होने वाले उपचुनाव में से दो सीट पर कांग्रेस का कब्जा था। अलीराजपुर जिले की जोबट से कांग्रेस की विधायक कलावती भूरिया थी, जबकि पृथ्वीपुर से कांग्रेस के बृजेंद्र सिंह राठौर विधायक थे। इन दोनों सीटों पर कांग्रेस का कब्जा था। जबकि रैगांव से भाजपा के जुगल किशोर बागरी विधायक थे। इसी तरह खंडवा लोकसभा से भाजपा के नंद कुमार सिंह चौहान सांसद थे।